मैनपुर/गरियाबंद। जिले के मैनपुर थाना क्षेत्र में पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए 15.44 किलो गांजा के साथ महाराष्ट्र के दो युवकों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से गांजा, मोटरसाइकिल और मोबाइल फोन समेत कुल 8 लाख 75 हजार रुपये का सामान जब्त किया गया है।

पुलिस के अनुसार, 22 अगस्त 2026 को मुखबिर से सूचना मिली थी कि काले-नीले रंग की बजाज पल्सर मोटरसाइकिल क्रमांक MH 15 KP 7973 पर दो युवक बैग में गांजा लेकर ओडिशा की ओर से झरियाबाहरा होते हुए मैनपुर की तरफ आ रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने पंचनामा तैयार कर गवाहों के साथ मेन रोड-130सी झरियाबाहरा तिराहा पहुंचकर नाकाबंदी एवं वाहन जांच शुरू की।

इसी दौरान मुखबिर के बताए हुलिए के अनुसार एक पल्सर मोटरसाइकिल पर दो युवक आते दिखाई दिए। पुलिस ने उन्हें रोकने का प्रयास किया तो आरोपियों ने भागने की कोशिश की, लेकिन घेराबंदी कर दोनों को पकड़ लिया गया। पूछताछ में मोटरसाइकिल चालक ने अपना नाम आनंद रामदास लोढें (22 वर्ष) और पीछे बैठे युवक ने रोहित दत्ता साल्वे (26 वर्ष) बताया। दोनों महाराष्ट्र के नासिक जिले के निवासी बताए गए हैं।

तलाशी के दौरान आनंद रामदास के पास रखे नीले रंग के बैग से खाकी रंग के टेप से लिपटे 9 पैकेट गांजा बरामद हुए। इनका वजन 9 किलो 830 ग्राम पाया गया, जिसकी कीमत पुलिस ने 4 लाख 91 हजार 500 रुपये बताई है। वहीं रोहित दत्ता साल्वे के बैग से 5 पैकेट गांजा बरामद हुआ, जिसका वजन 5 किलो 610 ग्राम और कीमत 2 लाख 80 हजार 500 रुपये आंकी गई।

इस तरह दोनों आरोपियों के कब्जे से कुल 14 पैकेट में 15 किलो 440 ग्राम गांजा, जिसकी अनुमानित कीमत 7 लाख 72 हजार रुपये के आसपास बताई गई है, बरामद किया गया। इसके अलावा पुलिस ने बजाज पल्सर मोटरसाइकिल कीमत 1 लाख रुपये और सैमसंग मोबाइल फोन कीमत 3 हजार रुपये भी जब्त किया। पुलिस के अनुसार जब्त सामग्री की कुल कीमत 8 लाख 75 हजार रुपये है।

पुलिस ने बरामद पदार्थ की पहचान ड्रग डिटेक्शन किट सहित अन्य प्रक्रिया के माध्यम से कराई। दोनों आरोपियों से गांजा रखने और परिवहन करने के संबंध में वैध दस्तावेज मांगे गए, लेकिन उन्होंने कोई वैधानिक दस्तावेज नहीं होना बताया।

मामले में दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(ख) के तहत अपराध दर्ज कर कार्रवाई की गई है। पुलिस द्वारा मामले की आगे की विवेचना जारी है।