
रायपुर। प्रदेश में आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए विष्णुदेव साय ने 300 बीएलएस और 70 एएलएस एम्बुलेंस को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इसके साथ ही 108 एम्बुलेंस सेवा पूरे प्रदेश में तत्काल प्रभाव से शुरू हो गई है, जिससे लोगों को आपात स्थिति में त्वरित चिकित्सा सहायता मिल सकेगी।
इस पहल की खास बात यह है कि पहली बार 5 नियोनेटल एएलएस एम्बुलेंस भी शुरू की गई हैं, जो नवजात शिशुओं के लिए चलती-फिरती आईसीयू की तरह काम करेंगी। इन एम्बुलेंसों में इन्क्यूबेटर, वेंटिलेटर, ऑक्सीजन सपोर्ट सहित सभी आवश्यक जीवनरक्षक सुविधाएं उपलब्ध हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का लक्ष्य शहरी क्षेत्रों में 15 मिनट और ग्रामीण क्षेत्रों में 30 मिनट के भीतर एम्बुलेंस सेवा उपलब्ध कराना है। वहीं स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने इसे ऐतिहासिक कदम बताते हुए कहा कि इससे लाखों लोगों को लाभ मिलेगा और स्वास्थ्य सेवाएं और सुदृढ़ होंगी।



