Follow Us on Our Social Media
अपराध / हादसाछत्तीसगढ़महासमुंद
Trending

48 गांवों की पेयजल योजना को झटका, 10 लाख के पाइप चोरी

महासमुंद/तुमगांव। सामोदा-अछोला मल्टी विलेज वॉटर सप्लाई प्रोजेक्ट के लिए ग्राम कुहरी मोड़ के पास रखा करीब 100 नग DI पाइप अज्ञात चोरों ने पार कर दिया।

चोरी हुए पाइपों की अनुमानित कीमत 10 लाख रुपये बताई गई है। घटना से सरकारी जलापूर्ति योजना के काम में देरी की आशंका बढ़ गई है।

जानकारी के अनुसार, बसना के साई विहार कॉलोनी निवासी माधव अग्रवाल की संस्था लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग (PHE) महासमुंद के अंतर्गत सामोदा-अछोला मल्टी विलेज वॉटर सप्लाई प्रोजेक्ट का कार्य कर रही है। योजना के तहत घोडारी से कुहरी मोड़ तक पाइपलाइन बिछाई जानी है।

कार्य के लिए राष्ट्रीय राजमार्ग के समीप ग्राम कुहरी मोड़ के पास DI पाइप का स्टॉक रखा गया था। 10 नवंबर 2025 की रात करीब 11:50 बजे अज्ञात व्यक्ति या व्यक्तियों ने मौके का फायदा उठाकर लगभग 100 पाइप चोरी कर लिए।

सुबह जानकारी मिलने के बाद परियोजना प्रबंधन की ओर से पुलिस को लिखित शिकायत दी गई। आवेदन में बताया गया कि चोरी से करीब 10 लाख रुपये की आर्थिक क्षति हुई है।

साथ ही पाइप उपलब्ध नहीं होने से क्षेत्र के 48 से अधिक गांवों को शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने वाली योजना के काम पर भी असर पड़ सकता है।

शिकायत के आधार पर तुमगांव थाना पुलिस ने धारा 303(2) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है। पुलिस अब चोरी गए पाइपों और वारदात में शामिल आरोपियों की तलाश में जुटी है।

Follow Us on Our Social Media

Related Articles

Back to top button