
पूर्व विधायक अमितेश शुक्ला के नेतृत्व में जिला स्तरीय आंदोलन, महंगाई पर सरकार को घेरा
- गरियाबंद। चीनी समेत रोजमर्रा की खाद्य वस्तुओं की बढ़ती कीमतों के विरोध में शुक्रवार को गरियाबंद जिला मुख्यालय स्थित तिरंगा चौक पर कांग्रेस ने एक दिवसीय सत्याग्रह आंदोलन किया। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर आयोजित इस प्रदर्शन का नेतृत्व पूर्व विधायक अमितेश शुक्ला ने किया। बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता आंदोलन में शामिल हुए तथा महंगाई को लेकर केंद्र की भाजपा सरकार के खिलाफ नारेबाजी की।
सत्याग्रह के दौरान कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि वर्ष 2014 के बाद से महंगाई लगातार आम लोगों की परेशानी बढ़ा रही है। खाद्य सामग्री और रोजमर्रा की जरूरतों के दाम बढ़ने से गरीब एवं मध्यमवर्गीय परिवारों का घरेलू बजट प्रभावित हुआ है। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि त्योहारों के समय बढ़ती कीमतों का असर आम उपभोक्ताओं पर और अधिक दिखाई देता है
महंगाई के मुद्दे पर सरकार को घेरा
पूर्व विधायक अमितेश शुक्ला ने कहा कि कांग्रेस के आंदोलन का इतिहास जनता से जुड़े मुद्दों को लेकर संघर्ष करने का रहा है। उन्होंने महात्मा गांधी के नेतृत्व में हुए नमक सत्याग्रह का उल्लेख करते हुए कहा कि आज चीनी की बढ़ती कीमतों के विरोध में सत्याग्रह के माध्यम से जनता की आवाज उठाई जा रही है।
उन्होंने केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि महंगाई को लेकर सरकार को आम जनता के सवालों का जवाब देना चाहिए। शुक्ला ने कहा कि बढ़ती महंगाई का सबसे अधिक असर गरीब और मध्यमवर्गीय परिवारों पर पड़ रहा है। कांग्रेस जनता से जुड़े मुद्दों को सड़क से लेकर सदन तक उठाती रहेगी
बड़ी संख्या में कार्यकर्ता हुए शामिल
सत्याग्रह आंदोलन में सुखचंद बेसरा, अमित मिरी, नीरज ठाकुर, लोकेन्द्र कोमरा, प्रेम सोनवानी, भानु सिन्हा, रमेश मेश्राम, पवन सोनकर सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
कांग्रेस नेताओं ने केंद्र सरकार से चीनी सहित आवश्यक खाद्य वस्तुओं की बढ़ती कीमतों पर नियंत्रण के लिए तत्काल प्रभावी कदम उठाने की मांग की। आंदोलन के दौरान महंगाई को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी भी की।


