Follow Us on Our Social Media
अपराध / हादसाछत्तीसगढ़महासमुंद
Trending

किशनपुर से युवती के लापता होने से मचा हड़कंप, पुलिस तलाश में जुटी

Follow Us on Our Social Media

पिथौरा/महासमुंद। थाना पिथौरा क्षेत्र के ग्राम किशनपुर से 19 वर्षीय युवती के लापता होने का मामला सामने आया है। युवती के परिजनों ने आसपास और रिश्तेदारों के यहां काफी तलाश की, लेकिन उसका अब तक कोई सुराग नहीं मिल सका है। इसके बाद युवती की मां दशमोतीन सोनवानी ने 17 अगस्त 2026 को थाना पिथौरा पहुंचकर मौखिक रिपोर्ट दर्ज कराई।

पुलिस के अनुसार, लापता युवती की पहचान तीजिया बाई पिता जगमोहन सोनवानी, उम्र 19 वर्ष, निवासी ग्राम किशनपुर के रूप में हुई है। परिजनों के मुताबिक, वह 13 अगस्त 2026 की शाम करीब 5 बजे घर से बिना बताए कहीं चली गई थी। काफी तलाश के बावजूद उसके वापस नहीं लौटने पर परिजनों ने पुलिस को सूचना दी।

पुलिस ने युवती का हुलिया जारी करते हुए बताया कि उसकी ऊंचाई करीब 5 फीट 1 इंच, रंग सांवला, चेहरा लंबा और बाल काले हैं। लापता होने के समय उसने लाल रंग की छिटदार सलवार, पीले रंग का पैजामा और सफेद रंग का दुपट्टा पहना हुआ था। युवती कक्षा दूसरी तक पढ़ी है तथा हिंदी और छत्तीसगढ़ी भाषा बोलती है।

सूचना के आधार पर थाना पिथौरा में गुम इंसान क्रमांक 69/2026 कायम कर युवती की तलाश और पतासाजी शुरू कर दी गई है। पुलिस ने मामले में माननीय सर्वोच्च न्यायालय के G. Ganesh Vs. State of Tamil Nadu मामले में दिए गए निर्देशों के अनुपालन में धारा 140(3) बीएनएस 2023 के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना में लिया है। पुलिस के अनुसार उक्त धारा की प्रयोज्यता विवेचना में सामने आने वाले तथ्यों और साक्षियों के अधीन रहेगी।

पुलिस ने गुमशुदगी की सूचना जिले के सभी थाना-चौकी एवं डीसीबी शाखा महासमुंद को भेज दी है। पुलिस द्वारा युवती की तलाश के लिए संभावित स्थानों और परिचितों के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है।

mahipal sao

वर्ष 2025 में कुशाभाऊ ठाकरे पत्रकारिता एवं जनसंचार विश्वविद्यालय से स्नातक की शिक्षा पूर्ण की। इसके पश्चात पत्रकारिता के… More »

Related Articles

Back to top button