पेंड्रावन में दो बाइकों की आमने-सामने भिड़ंत, बुजुर्ग की मौत

बसना/सांकरा। जिले के सांकरा थाना क्षेत्र के ग्राम पेंड्रावन में सड़क दुर्घटना में एक 55 वर्षीय व्यक्ति की मौत हो गई। मृतक की पहचान बृजलाल सिदार पिता जैतराम सिदार निवासी ग्राम पेंड्रावन के रूप में हुई है। पुलिस ने जांच के बाद दुर्घटना के लिए जिम्मेदार बाइक चालक के खिलाफ अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 8 सितंबर 2026 को शाम करीब 4:30 बजे बृजलाल सिदार अपनी प्लेटिना मोटरसाइकिल क्रमांक CG06 GP 9311 से सब्जी खरीदने ग्राम सल्डीह बाजार गया था।
सब्जी खरीदकर वह शाम करीब 6:30 बजे अपने गांव पेंड्रावन लौट रहा था। इसी दौरान साहू किराना स्टोर्स के सामने सामने से आ रही मोटरसाइकिल क्रमांक CG06 C 7740 के चालक ने कथित तौर पर लापरवाही और तेज गति से वाहन चलाते हुए उसकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।
हादसे में बृजलाल सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे उपचार के लिए अग्रवाल नर्सिंग होम बसना ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसी दिन उसकी मौत हो गई।
घटना के बाद बसना थाना में मर्ग कायम कर जांच शुरू की गई थी। बाद में घटनास्थल सांकरा थाना क्षेत्र में होने के कारण मर्ग की जांच सांकरा पुलिस ने की। परिजनों एवं गवाहों के बयान और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर बाइक क्रमांक CG06 C 7740 के चालक के खिलाफ धारा 106(1) भारतीय न्याय संहिता (BNS) एवं धारा 184 मोटर वाहन अधिनियम के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया है।



