रजनकट्टा में आधी रात जुए पर छापा, 11 आरोपी गिरफ्तार

पांडुका । ग्राम रजनकट्टा में पंचायत के पास स्ट्रीट लाइट के नीचे चल रहे जुए के फड़ पर पुलिस ने दबिश देकर 11 आरोपियों को पकड़ा। मौके से 3,440 रुपये नकद और 52 पत्ती ताश जब्त की गई। कार्रवाई के दौरान कुछ जुआरी अंधेरे का फायदा उठाकर भाग निकले।
पुलिस के अनुसार, 15 सितंबर की रात गश्त के दौरान मुखबिर से सूचना मिली थी कि पंचायत के पास सार्वजनिक स्थान पर कुछ लोग रुपये-पैसे की हार-जीत का दांव लगाकर काटपत्ती खेल रहे हैं। सूचना की पुष्टि के लिए गवाहों को साथ लेकर टीम बताए गए स्थान पर पहुंची और घेराबंदी कर कार्रवाई की।
पुलिस को देखते ही कई लोग मौके से फरार हो गए, जबकि लेखराम निर्मलकर, गुलशन कुमार साहू, गोपाल राम निर्मलकर, गुलशन निर्मलकर, खेमचंद यादव, खोवाराम राम साहू, खिलेश्वर निषाद, तरुण मानिकपुरी, हिरेंद्र विश्वकर्मा, पंकज यादव और प्रभात साहू को पकड़ लिया गया।
जांच के दौरान प्रत्येक आरोपी के फड़ से 200 रुपये तथा पास से अलग-अलग रकम बरामद हुई। सभी से मिली राशि मिलाकर 3,440 रुपये हुई। पुलिस ने ताश की गड्डी भी जब्त की।
पांडुका पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ राज्य जुआ (प्रतिषेध) अधिनियम 2022 की धारा 3(2) के तहत अपराध दर्ज किया। सभी को गिरफ्तार करने के बाद जमानतीय अपराध होने के कारण सक्षम जमानतदार पेश किए जाने पर मुचलके पर रिहा कर दिया गया।



