Follow Us on Our Social Media
छत्तीसगढ़
Trending

श्रीकृष्ण जन्मोत्सव में उमड़ा जनसैलाब, शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव का हुआ भव्य स्वागत

Follow Us on Our Social Media

बसना। फुलझर राज झरिया यादव समाज द्वारा आयोजित श्रीकृष्ण जन्माष्टमी महोत्सव श्रद्धा, भक्ति और सांस्कृतिक उल्लास के बीच संपन्न हुआ। आयोजन में प्रदेश के स्कूल शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव, सांसद रूपकुमारी चौधरी और बसना विधायक डॉ. संपत अग्रवाल मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।

बसना आगमन पर नव-नियुक्त कैबिनेट मंत्री गजेंद्र यादव का विधायक कार्यालय में भव्य स्वागत किया गया। कार्यकर्ताओं ने पुष्पवर्षा व आतिशबाजी से उनका अभिनंदन किया।

विधायक डॉ. संपत अग्रवाल ने मंत्री यादव को शॉल, श्रीफल और छत्तीसगढ़ का प्रतीक चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। इस अवसर पर लेखक प्रेमचंद साव की पुस्तक “प्रेम पाती” का विमोचन भी हुआ। वहीं मंत्री, सांसद और विधायक ने गौमाता को चना, गुड़ व फल अर्पित कर आशीर्वाद लिया।

अपने संबोधन में विधायक डॉ. संपत अग्रवाल ने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण का जीवन धर्म, नीति और कर्म की प्रेरणा देता है। यादव समाज की ऐतिहासिक विरासत हमारी सांस्कृतिक शक्ति है। उन्होंने शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव के नेतृत्व पर भरोसा जताते हुए कहा कि उनकी दूरदर्शिता और समर्पण से प्रदेश का शिक्षा विभाग नई ऊँचाइयों को छुएगा।

मंत्री गजेंद्र यादव ने कहा कि शिक्षा मंत्री के रूप में कार्यभार ग्रहण करने के बाद यह उनका पहला सार्वजनिक कार्यक्रम है और यादव समाज के बीच जन्माष्टमी उत्सव में शामिल होना उनके लिए गौरव की बात है। उन्होंने समाज की एकता व सांस्कृतिक धरोहर को प्रदेश के विकास की ऊर्जा बताया।

महासमुंद सांसद रूपकुमारी चौधरी ने कहा कि यह गर्व का क्षण है कि जन्माष्टमी के अवसर पर प्रदेश के शिक्षा मंत्री हमारे बीच उपस्थित हैं। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि उनके नेतृत्व में बच्चों के उज्ज्वल भविष्य और शिक्षा क्षेत्र में नए अध्याय जुड़ेंगे।

महोत्सव में भजन संध्या, रासलीला और श्रीकृष्ण की झांकी ने श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया। स्थानीय कलाकारों और बच्चों की प्रस्तुतियों ने वातावरण को भक्तिमय और सांस्कृतिक रंगों से सराबोर कर दिया।

इस अवसर पर जिला अध्यक्ष येतराम साहू, जिला उपाध्यक्ष रमेश अग्रवाल, वरिष्ठ भाजपा नेता कैलाश अग्रवाल, नगर पंचायत उपाध्यक्ष शीत गुप्ता, समाज प्रमुख जगतराम यादव सहित जनप्रतिनिधि, भाजपा पदाधिकारी और बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।

mahipal sao

वर्ष 2025 में कुशाभाऊ ठाकरे पत्रकारिता एवं जनसंचार विश्वविद्यालय से स्नातक की शिक्षा पूर्ण की। इसके पश्चात पत्रकारिता के… More »

Related Articles

Back to top button