बसना क्षेत्र में विश्वकर्मा जयंती की धूम, मोक्ष प्रधान ने विभिन्न आयोजनों में बढ़ाई सहभागिता

बसना। विश्वकर्मा जयंती के अवसर पर बसना विधानसभा क्षेत्र में आयोजित पूजा, धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजनों में जिला पंचायत सदस्य मोक्ष कुमार प्रधान ने सहभागिता की।
उन्होंने अलग-अलग स्थानों पर भगवान विश्वकर्मा की पूजा-अर्चना कर वाहन चालकों, ग्रामीणों और कलाकारों से मुलाकात की तथा पर्व की शुभकामनाएं दीं।
बसना में श्री साईं वाहन चालक कल्याण संघ के कार्यक्रम में पहुंचकर प्रधान ने भगवान विश्वकर्मा के समक्ष पूजा की। उन्होंने मेहनतकश वाहन चालकों के साथ समय बिताते हुए उनकी समस्याओं और भूमिका पर चर्चा की।
ग्राम भगतदेवरी में छत्तीसगढ़ ड्राइवर महासंघ के आयोजन में उन्होंने बतौर ड्राइवर महासंघ की सदस्यता भी ग्रहण की। इस मौके पर प्रधान ने कहा कि चालक साथी दिन-रात मेहनत कर समाज और अर्थव्यवस्था को गति देते हैं। उनके सम्मान एवं अधिकारों के लिए मजबूती से आवाज उठाना जरूरी है।
इसके बाद ग्राम दुरुगपाली में आयोजित विश्वकर्मा पूजा में शामिल होकर उन्होंने ग्रामीणों के साथ धार्मिक कार्यक्रम में सहभागिता की। यहां आयोजित बैठकी कीर्तन में भी प्रधान ने हिस्सा लिया और स्थानीय लोगों के साथ आत्मीय संवाद किया।
खैरझुड़ी में कलाकारों को मिला मंच
ग्राम खैरझुड़ी में विश्वकर्मा सेवा समिति की ओर से आयोजित अंतरराज्यीय डी.जे. डांस प्रतियोगिता में मोक्ष कुमार प्रधान मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे। ग्रामीण और क्षेत्रीय कलाकारों ने विभिन्न प्रस्तुतियों के जरिए अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
प्रधान ने कहा कि गांवों में मौजूद हुनर को मंच उपलब्ध कराना केवल मनोरंजन तक सीमित नहीं है, बल्कि कलाकारों की मेहनत को पहचान देने का माध्यम भी है। उन्होंने आयोजन समिति की पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे मंच प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का अवसर देते हैं।
विश्वकर्मा जयंती के दौरान अलग-अलग आयोजनों में उनकी मौजूदगी वाहन चालकों, ग्रामीणों और कलाकारों के बीच चर्चा का विषय रही। कार्यक्रमों में बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी, संघ पदाधिकारी, समिति सदस्य एवं ग्रामीणजन मौजूद रहे।



