सफाई शुल्क मांगने पर सफाई सुपरवाइजर और कर्मचारियों से गाली-गलौज, जान से मारने की धमकी

महासमुंद। शहर में सफाई के दौरान कचरा फेंकने और सफाई शुल्क को लेकर विवाद का मामला सामने आया है। आरोप है कि दुकान के पीछे फेंके गए कचरे को साफ करने पहुंचे नगर पालिका के सफाई सुपरवाइजर और कर्मचारियों के साथ दुकानदार ने गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी दी। इस दौरान एक कर्मचारी का कॉलर पकड़कर मारपीट करने की कोशिश भी की गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, वार्ड नंबर 25 स्थित श्रीराम कॉलोनी, महासमुंद निवासी नगर पालिका के सफाई सुपरवाइजर ने बताया कि 17 अक्टूबर 2026 की सुबह वह अपने सहकर्मियों के साथ शहर में सफाई कार्य कर रहे थे। इसी दौरान हेमंत बोथरा की दुकान के पीछे साई मंदिर के पास बड़ी मात्रा में कचरा फेंका हुआ मिला।
सफाई कर्मचारियों ने दुकानदार से कचरा वहां फेंकने के संबंध में पूछताछ की, तो आरोप है कि उसने कथित तौर पर कहा कि वह अपनी मर्जी से कहीं भी कचरा फेंक सकता है और सफाई करना कर्मचारियों का काम है। इसके बाद कर्मचारी कचरा एकत्र करने लगे और दुकानदार से निर्धारित सफाई शुल्क जमा करने को कहा।
आरोप है कि शुल्क देने की बात पर दुकानदार ने पैसे देने से इनकार कर दिया और कर्मचारियों के साथ मां-बहन की अश्लील गाली-गलौज करने लगा। साथ ही जान से मारने की धमकी देते हुए कर्मचारी अनितो कुमार का कॉलर पकड़ लिया। मौके पर मौजूद अन्य कर्मचारियों ने बीच-बचाव कर स्थिति को संभाला।
घटना के दौरान गोपाल सोना, अनितो कुमार, शिव दास मानिकपुरी, आलोक सोनवानी, तनूज कुमार और पार्थव सोना सहित अन्य साथी मौजूद थे। शिकायतकर्ता के अनुसार, इन कर्मचारियों ने घटना को देखा और सुना है।



