छत्तीसगढ़ हॉकी लीग: न्यायधानी नाइट्स ने संस्कारधानी स्ट्राइकर्स को 5-3 से हराया, चक्रधर चैंपियंस की भी जीत

रायपुर। छत्तीसगढ़ हॉकी लीग में न्यायधानी नाइट्स ने शानदार वापसी करते हुए संस्कारधानी स्ट्राइकर्स को 5-3 से हरा दिया। वहीं, चक्रधर चैंपियंस ने राजधानी रॉयल्स को 4-3 से शिकस्त देकर सेमीफाइनल की दौड़ में अपनी स्थिति मजबूत कर ली।
न्यायधानी नाइट्स और संस्कारधानी स्ट्राइकर्स के बीच मुकाबले में ओम कुमार यादव ने गोल कर संस्कारधानी को शुरुआती बढ़त दिलाई।
इसके बाद न्यायधानी नाइट्स के सुखवेद निर्मलकर, शादाब अहमद खान, चिराग और सोनू ने गोल कर टीम की जीत सुनिश्चित की। संस्कारधानी की ओर से आशीष तानी पूर्ति ने पेनल्टी स्ट्रोक और पेनल्टी कॉर्नर के जरिए गोल किए। शानदार प्रदर्शन के लिए आशीष को ‘स्ट्राइकर ऑफ द मैच’ और चिराग को ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ चुना गया।
मैच देखने पहुंचे उप मुख्यमंत्री एवं खेल मंत्री अरुण साव ने खिलाड़ियों को पुरस्कार प्रदान किए और उनका उत्साह बढ़ाया।
चक्रधर चैंपियंस ने राजधानी रॉयल्स को हराया
दिन के एक अन्य मुकाबले में चक्रधर चैंपियंस ने राजधानी रॉयल्स को 4-3 से हराया। चक्रधर चैंपियंस की ओर से परमप्रीत सिंह ने पेनल्टी कॉर्नर के जरिए दो गोल किए। लगातार दो जीत के साथ टीम ने सेमीफाइनल में पहुंचने की अपनी दावेदारी मजबूत कर ली है। वहीं, राजधानी रॉयल्स को लगातार दूसरी हार का सामना करना पड़ा।
लीग में रविवार को शाम 5:30 बजे न्यायधानी नाइट्स का मुकाबला बैलाडीला बुल्स से होगा। इसके बाद शाम 7:30 बजे राजधानी रॉयल्स और मैनपाट टाइटन्स आमने-सामने होंगे।



