
सरायपाली। महासमुंद जिले के सरायपाली थाना क्षेत्र के वार्ड क्रमांक 10 बाजार पारा से 18 वर्षीय युवती के लापता होने का मामला सामने आया है।
युवती 1 सितंबर की सुबह घर से बिना बताए कहीं चली गई, जिसके बाद परिजनों ने आसपास और रिश्तेदारों के यहां काफी तलाश की, लेकिन अब तक उसका कोई सुराग नहीं मिल सका है।
जानकारी के अनुसार, प्रथा चौहान (18) 1 सितंबर 2026 को सुबह करीब 7 बजे घर से निकली थी। काफी समय बीतने के बावजूद वापस नहीं लौटने पर पिता गणेश चौहान ने 4 सितंबर को सरायपाली थाने पहुंचकर मौखिक सूचना दी।
परिजनों द्वारा आसपास के इलाकों और रिश्तेदारी में खोजबीन की गई, लेकिन युवती का पता नहीं चल पाया। शिकायत के आधार पर पुलिस ने गुम इंसान क्रमांक 77/2026 कायम कर पतासाजी शुरू कर दी है। मामले की सूचना डीसीबी शाखा महासमुंद को भी भेजी गई है।
पुलिस के अनुसार युवती का रंग सांवला, चेहरा अंडाकार, कद करीब 5 फीट, बाल काले और शरीर सामान्य है। घटना के समय उसने हरे रंग का सूट और सफेद पैजामा पहन रखा था। वह कक्षा सातवीं तक पढ़ी है तथा हिंदी और छत्तीसगढ़ी भाषा बोलती है।
पुलिस ने मामले में भारतीय न्याय संहिता की धारा 140(3) के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की है। धारा की प्रयोज्यता विवेचना के दौरान सामने आने वाले तथ्यों और साक्ष्यों के अधीन रहेगी।



