तेज रफ्तार बाइक की टक्कर से युवक की मौत, चालक के खिलाफ मामला दर्ज

तुमगांव। तुमगांव थाना क्षेत्र के ग्राम भोरिंग में सड़क हादसे में 21 वर्षीय युवक तोषण यादव की मौत के मामले में पुलिस ने बाइक चालक युवराज यादव के खिलाफ अपराध दर्ज कर विवेचना में लिया है।
पुलिस जांच के अनुसार, 24 अगस्त 2026 की रात करीब 10:20 बजे तोषण यादव अपने दोस्त मुनेशकांत साहू के साथ घर के बाहर सड़क पर घूमने निकला था। इसी दौरान मंडी गेट के सामने सड़क किनारे खड़े तोषण को तुमगांव की ओर से आ रही बाइक क्रमांक CG 04 QT 4824 के चालक युवराज यादव ने कथित तौर पर तेज और लापरवाही से वाहन चलाते हुए पीछे से टक्कर मार दी।
हादसे में तोषण के सिर और बाईं आंख में गंभीर चोटें आईं। उसे रायपुर के डीकेएस सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां 27 अगस्त 2026 को उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
पंचनामा गवाहों के बयान और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने बाइक चालक के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 106(1) तथा मोटर वाहन अधिनियम की धारा 184 के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू की है।



