बस्तर की प्राकृतिक सुंदरता और संस्कृति से रूबरू हुए पत्रकारिता के विद्यार्थी

रायपुर। महंत लक्ष्मी नारायण दास महाविद्यालय, गांधी चौक रायपुर के पत्रकारिता संकाय के 25 से अधिक छात्र-छात्राओं का दल शैक्षणिक भ्रमण के लिए 2 नवंबर की रात 11 बजे बस्तर रवाना हुआ।
विभागाध्यक्ष डॉ. राम प्रसाद दुबे एवं प्राचार्य डॉ. देवाशीष मुखर्जी के मार्गदर्शन में आयोजित इस भ्रमण में विद्यार्थियों ने चित्रकोट जलप्रपात, तीरथगढ़ जलप्रपात और दंतेवाड़ा स्थित मां दंतेश्वरी मंदिर के दर्शन किए।
लगभग 24 घंटे के इस शैक्षणिक दौरे में विद्यार्थियों ने बस्तर की प्राकृतिक सुंदरता, पर्यटन स्थलों और धार्मिक-सांस्कृतिक विरासत को करीब से जाना। दोनों जलप्रपातों के मनमोहक दृश्यों और आसपास के प्राकृतिक वातावरण ने विद्यार्थियों को खासा आकर्षित किया। इस दौरान विद्यार्थियों ने भ्रमण के अनुभवों को कैमरे में कैद करने के साथ रिपोर्टिंग और समाचार संकलन की बारीकियों को भी समझा।
बस यात्रा के दौरान विद्यार्थियों ने अंताक्षरी सहित विभिन्न मनोरंजक गतिविधियों में हिस्सा लिया। अनुभवी पत्रकार जितेंद्र साहू (धमतरी) ने विद्यार्थियों को रिपोर्टिंग के व्यावहारिक टिप्स दिए।
वहीं पत्रकार हिमांशु लोकेश्वर, यज्ञ सिंह ठाकुर और आकाश पांडे की मौजूदगी ने विद्यार्थियों के उत्साह को बढ़ाया। जगदलपुर पहुंचने पर दल को आकाश होटल में दो घंटे विश्राम का अवसर मिला। इस दौरान वरिष्ठ पत्रकार अर्जुन कुमार झा और श्री अग्रवाल से भी विद्यार्थियों को मार्गदर्शन एवं अनुभव प्राप्त हुए।
दौरे के दौरान दंतेवाड़ा में मां दंतेश्वरी के दर्शन कर विद्यार्थियों ने धार्मिक आस्था और समर्पण का अनुभव किया। वहीं तीरथगढ़ के एक ढाबे में स्थानीय देसी व्यंजनों का स्वाद भी लिया। विद्यार्थियों के लिए यह अनुभव यात्रा के यादगार पलों में शामिल रहा।
पूरे भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों ने अनुशासन बनाए रखते हुए सीखने और मनोरंजन का आनंद लिया। पूजा टूर एंड ट्रेवल्स की बस से संपन्न इस यात्रा को छात्र-छात्राओं ने यादगार बताते हुए कहा कि पत्रकारिता की पढ़ाई के साथ इस तरह के शैक्षणिक भ्रमण से व्यावहारिक ज्ञान, आपसी समन्वय और नए अनुभव प्राप्त होते हैं।



