रायपुर में सरिया फैक्ट्री परिसर में खड़ी ट्रक में भीषण आग, वाहन जलकर खाक

रायपुर। जिले के एक विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत स्थित सरिया फैक्ट्री परिसर में देर रात एक बड़ा हादसा हो गया। फैक्ट्री में खड़ी एक ट्रक में अचानक भीषण आग लग गई, जिससे पूरे परिसर में अफरा-तफरी मच गई। आग की लपटें इतनी तेज थीं कि आसपास मौजूद कर्मचारियों और सुरक्षाकर्मियों में हड़कंप मच गया। घटना का वीडियो भी सामने आया है, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह घटना शनिवार और रविवार की दरमियानी रात करीब 3 बजे की है। सरिया फैक्ट्री के परिसर में खड़ी ट्रक से अचानक धुआं और आग की लपटें उठने लगीं। आग लगते ही मौके पर मौजूद लोगों ने आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिली। इसके बाद तुरंत दमकल विभाग को सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाने के लिए काफी देर तक मशक्कत की। कड़ी मेहनत के बाद आग पर नियंत्रण पा लिया गया, लेकिन तब तक ट्रक पूरी तरह जलकर खाक हो चुकी थी। राहत की बात यह रही कि घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।
फिलहाल ट्रक में आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गई है और फैक्ट्री प्रबंधन से भी पूछताछ की जा रही है। मामले की जांच के बाद ही आग लगने के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा।



