बसना। थाना बसना पुलिस ने अवैध शराब के खिलाफ कार्रवाई करते हुए बरबसपुर-बानीपाली मार्ग स्थित बरगद पेड़ मोड़ के पास एक व्यक्ति को 20 लीटर देशी हाथ भट्ठी महुआ शराब के साथ गिरफ्तार किया है। जब्त शराब की अनुमानित कीमत करीब 4 हजार रुपये बताई गई है।

पुलिस के अनुसार, 21 अगस्त 2026 को पुलिस टीम मुसाफिर चेकिंग एवं टाउन पेट्रोलिंग पर रवाना हुई थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि बानीपाली निवासी मधुमंगल भोई (45) बरबसपुर-बानीपाली मार्ग पर बरगद पेड़ मोड़ के पास अवैध रूप से महुआ शराब बिक्री के लिए रखकर ग्राहक की तलाश कर रहा है।

सूचना पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और संदिग्ध व्यक्ति को पकड़ा। पूछताछ में उसने अपना नाम मधुमंगल भोई, पिता कुमर भोई, निवासी बानीपाली, थाना बसना, जिला महासमुंद बताया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से मटमैले सफेद रंग की 20 लीटर क्षमता वाली प्लास्टिक जरकीन में करीब 20 लीटर देशी हाथ भट्ठी महुआ शराब बरामद हुई।

पुलिस ने शराब के संबंध में वैध दस्तावेज एवं लाइसेंस मांगा, लेकिन आरोपी कोई वैध कागजात प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके बाद शराब को गवाहों के समक्ष जब्त कर सीलबंद किया गया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धारा 34(2) आबकारी एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया। मामला अजमानतीय होने के कारण गिरफ्तारी की सूचना परिजनों को दी गई।