रायपुर। राजधानी रायपुर से लगे ब्लू वाटर में बुधवार शाम डूबे युवक आदिल का शव शनिवार सुबह तक बरामद नहीं हो सका है। गुरुवार और शुक्रवार को लगातार तलाश के बावजूद सफलता नहीं मिलने के बाद शनिवार को SDRF ने एक बार फिर सर्च ऑपरेशन शुरू किया है। अभियान में NDRF की टीम भी मौजूद है।

जानकारी के अनुसार, आदिल बुधवार शाम अपने दोस्तों के साथ ब्लू वाटर घूमने पहुंचा था। इसी दौरान दोस्तों के बीच पानी में तैरने को लेकर शर्त लगी। शर्त के बाद आदिल पानी में उतर गया, लेकिन गहरे पानी में जाने के बाद वह वापस बाहर नहीं आ सका और डूब गया।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस के साथ SDRF और NDRF की टीम मौके पर पहुंची और युवक की तलाश शुरू की। लगातार दो दिनों तक चले सर्च ऑपरेशन के बावजूद उसका कोई सुराग नहीं मिल पाया। बताया जा रहा है कि ब्लू वाटर में पानी की अधिक गहराई के कारण रेस्क्यू टीम को तलाशी अभियान में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।

ब्लू वाटर में पहले भी हो चुके हैं हादसे

ब्लू वाटर क्षेत्र में पहले भी डूबने की घटनाएं सामने आ चुकी हैं। इसके बावजूद यहां लोगों की आवाजाही पूरी तरह रोकने और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने को लेकर सवाल उठते रहे हैं।

आदिल के हादसे के बाद एक बार फिर इस क्षेत्र में सुरक्षा घेरा बनाने, खतरनाक हिस्सों में लोगों की आवाजाही रोकने और चेतावनी बोर्ड लगाने की जरूरत महसूस की जा रही है। फिलहाल प्रशासन और पुलिस की ओर से युवक की तलाश जारी है।