देश

कर्नाटक के बाद चंडीगढ़ में भी मास्क की वापसी, आज कोरोना से केरल में तीन की मौत…

एक बार फिर से कोरोना ने देशभर में दहशत फैला दी है।

आज कोरोना के 338 नए केसों के साथ एक्टिव मरीजों की संख्या 2669 हो गई है। केरल में तीन मौतें भी दर्ज हुई हैं। केरल राज्य के बाद महाराष्ट्र और गोवा में नए वेरिएंट जेएन.1 की पुष्टि हो चुकी है।

जिसके बाद कर्नाटक सरकार ने भीड़-भाड़ वाले इलाकों में मास्क अनिवार्य कर दिया था। अब चंडीगढ़ प्रशासन ने भी सार्वजनिक स्थानों में मास्क की वापसी कर दी है।

उधर, गाजियाबाद में आठ महीनों बाद कोरोना की वापसी हुई। बीजेपी पार्षद अमित त्यागी कोरोना संक्रमित पाए गए।

इससे पहले कोरोना के खतरे को देखते हुए केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मंडाविया ने सभी राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों के स्वास्थ्य मंत्रियों के साथ मीटिंग की थी।

बैठक में मंडाविया ने सभी राज्य सरकारों से अलर्ट पर रहने और राजनीति को दूर रखने की सलाह दी थी।

मंडाविया ने कहा था कि हर तीन महीने में अस्पतालों की मॉक ड्रिल कराई जाए, ज्यादा से ज्यादा कोरोना टेस्टिंग हो और कोरोना के पॉजिटिव सेंपल केंद्र की लैब भेजे जाएं ताकि यह पता लगाया जा सके कि कहीं ये नए वेरिएंट जेएन.1 के तो नहीं हैं!

चंडीगढ़ में लोगों के लिए एडवाइजरी
कोरोना के बढ़ते खतरे को देखते हुए चंडीगढ़ प्रशासन ने लोगों के लिए एडवाइजरी जारी की है। प्रशासन ने सलाह दी है कि भीड़-भाड़ वाले इलाकों से जितना हो सकें, बचे।

सार्वजनिक स्थानों पर मास्क जरूर लगाएं। इसके अलावा अस्पतालों में तीमारदारों, डॉक्टरों और अस्पताल के अन्य स्टाफ के लिए भी मास्क लगाना अनिवार्य होगा।

सर्दी और जुखाम या मामूली वायरल पर भी डॉक्टरों को जरूर दिखाएं क्योंकि इससे बीमारी फैलने का खतरा कम से कम रहेगा। प्रशासन ने लोगों से घबराने के बजाय सरकार का सहयोग देने और  अलर्ट पर रहने को कहा है।

केरल में तीन और की मौत, देश में एक्टिव केस 2669
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के आंकड़ों के अनुसार, देश में गुरुवार को पिछले 24 घंटों में 358 ताजा केस दर्ज किए गए। इससे एक्टिव मरीजों की संख्या 2669 हो गई है।

मामले प्रमुख रूप से केरल, कर्नाटक, गुजरात, तमिलनाडु और महाराष्ट्र से सामने आए हैं। मामलों में वृद्धि कोरोना के नए वेरिएंट JN.1 की दस्तक के बीच हुई है। 

सुबह 8 बजे अपडेट किए गए आंकड़ों के अनुसार, 24 घंटे की अवधि में केरल में तीन मौतों के साथ मरने वालों की कुल संख्या 5,33,327 हो गई है।

कोरोना के नए वेरिएंट की दहशत
कोरोना का नया वेरिएंट जेएन.1 दुनियाभर के कई देशों पर जमकर कहर बरपा रहा है। सबसे पहले सिंगापुर में इस वेरिएंट का पता लगा था। इसके बाद अमेरिका और चीन में भी इस वेरिएंट ने कई लोगों को बीमार किया।

अस्पतालों में बीमार लोगों की लाइन लगी है। वहीं, हाल ही में केरल में भी एक केस के साथ भारत में इस वेरिएंट ने दस्तक दी। अब यह वेरिएंट महाराष्ट्र और गोवा तक फैल चुका है। इन दोनों राज्यों में नए वेरिएंट के 19 केस मिले हैं।

वहीं, देशभर में कोरोना के केसों में जबरदस्त उछाल आया है। नौ दिनों में कोरोना के केस दोगुना हो गए हैं। WHO ने भी इस वेरिएंट को क्लासिफाइड करते हुए इंटरेस्टऑफ वेरिएंट कैटेगरी में शामिल कर दिया है।

हालांकि संगठन ने कहा है कि इस वेरिएंट से घबराने की जरूरत नहीं है, यह तेजी से फैल जरूर रहा है लेकिन, मौत की घटनाएं बेहद कम हैं। ऐसा दावा है कि बाजार में मौजूदा वैक्सीन इस नए वेरिएंट के लिए कुछ हद तक कारगर है। 

Related Articles

One Comment

  1. Great read! The author’s analysis was spot-on and thought-provoking. I’m looking forward to hearing what others think. Feel free to visit my profile for more discussions.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

Adblock Detected

Please consider supporting us by disabling your ad blocker