छत्तीसगढ़ब्रेकिंग न्यूज़
Trending

CG NEWS: सत्ता के लुटेरों ने दुनिया में भारत का गौरव धूमिल कर रखा था – साव

robbers-of-power-the-world

रायपुर । उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा है कि विधानसभा चुनाव में मुखरता और प्रखरता से भाजपा ने नारे लगाए और भाजपा के नारे को जनता ने स्वीकार किया। आज जब लोकसभा का चुनाव हो रहा है तब पूरा देश एक ही नारा लगा रहा है- फिर एक बार, मोदी सरकार; अबकी बार 400 पार। साव ने कहा कि जिस प्रकार विधानसभा चुनाव में ‘अऊ नई सहिबो बदल के रहिबो’ का नारा जनता ने स्वीकार किया, उसी तरह अबकी बार 400 पार का नारा जनता स्वीकार कर रही है। उप मुख्यमंत्री साव रविवार को राजधानी के कुशाभाऊ ठाकरे परिसर स्थित प्रदेश भाजपा कार्यालय के सभागार में पार्टी के समस्त प्रकोष्ठों के संयुक्त सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे।
बैठक प्रारंभ होने के पूर्व उपमुख्यमंत्री ने भाजपा के इतिहास पर आधारित एक प्रदर्शनी का उद्घाटन भी किया। प्रदर्शनी के माध्यम से बताया गया है कि कैसे दो सांसदों वाली भाजपा अपनी विचारधारा, जन सेवा के प्रति प्रतिबद्धता के चलते आज विश्व की सबसे बड़ी सदस्यता वाली राजनीतिक पार्टी बन चुकी है।
उपमुख्यमंत्री साव ने कहा कि पिछले 10 वर्षों से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में भाजपा की सरकार है और पिछले 10 वर्षों में देश में बहुत क्रांतिकारी, ऐतिहासिक उपलब्धियों के साथ सार्थक व सकारात्मक परिवर्तन आया है। साव ने 2014 से पहले देश की स्थिति के बारे में बताते हुए कहा कि पहले आए दिन घोटाले, भ्रष्टाचार, आतंकवाद, भाई-भतीजावाद, परिवारवाद की स्थिति थी। देश के लोगों में घोर निराशा का वातावरण था। देश की जनता कहती थी कि इस देश का कुछ नहीं होने वाला। यहां घोटाले और भ्रष्टाचार रुक नहीं सकते। देश में आतंकवाद की घटनाएँ बंद नहीं हो सकती। कहीं भी किसी भी शहर में बम विस्फोट की घटना हो जाती है। भारत देश, जिसका इतिहास वैभवशाली एवं गौरवशाली रहा, सत्ता के लुटेरों ने पूरी दुनिया में उस देश का मान, सम्मान, गौरव सब कुछ धूमिल करके रखा था। लेकिन पिछले 10 वर्षों में प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में सरकार ने कई जनकल्याणकारी काम किए हैं। जो बात आम जनता की सोच में नहीं आई वह काम प्रधानमंत्री मोदी ने करके दिखाया है।
भाजपा क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जम्वाल ने कहा कि भाजपा के प्रत्याशियों की घोषणा हो चुकी है। हमारा नारा है- अबकी बार 400 पार, और छत्तीसगढ़ की सभी 11 सीटों पर कमल खिलाना है। विधानसभा चुनाव में सभी कार्यकर्ताओं ने बहुत मेहनत की है, इसके लिए मैं सभी साथियों को विधानसभा चुनाव की ऐतिहासिक जीत के लिए बहुत-बहुत बधाई देता हूं। यह आप सभी कार्यकर्ताओं की मेहनत है और छत्तीसगढ़ की जनता का आशीर्वाद है। उसी तरह देश की जनता आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रति और भी ज्यादा विश्वास प्रकट कर रही है। जम्वाल ने कहा कि हमें अति आत्मविश्वास में नहीं रहना है और पार्टी के लिए कार्य करना है। हमें एक बार फिर कड़ी मेहनत करनी है तभी अबकी बार 400 पार होंगे। आज हमें यह संकल्प लेना है कि छत्तीसगढ़ की सभी 11 सीटों पर जीत हासिल करनी है। राष्ट्रीय अधिवेशन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपील की थी कि हमारी सभी योजनाओं का लाभ हर बूथ तक पहुँचे। हमें हर बूथ में 370 वोट प्लस करना है। लाभार्थियों से कहना है कि देश के प्रधानसेवक ने आप सभी को अपना प्रणाम भेजा है और इसके लिए हमें एक निश्चित कार्य योजना बनाकर कार्य करना है।

Related Articles

Back to top button

Adblock Detected

Please consider supporting us by disabling your ad blocker