गरियाबंद पुलिस का बड़ा एक्शन: एक हफ्ते में 43 ‘ड्रंक एंड ड्राइव’ के मामले दर्ज, मालवाहकों में सवारी बैठाने पर सख्त चेतावनी

रिपोर्टर: तरुण नागेश|टीम गरियाबंद


गरियाबंद: जिले में सुरक्षित यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने और बढ़ती सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए गरियाबंद पुलिस फुल एक्शन मोड में आ गई है। पुलिस अधीक्षक (SP) श्री वेदव्रत सिरमौर के कड़े दिशा-निर्देशों पर जिले भर में पिछले एक सप्ताह से सघन यातायात चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है।
शराब पीकर वाहन चलाने वालों पर गिरी गाज

पहले हादसा, फिर हथकड़ी।
इस सघन अभियान के तहत पुलिस ने यातायात नियमों की अनदेखी करने वालों पर सख्ती दिखाई है। विशेषकर शराब पीकर गाड़ी चलाने वालों पर कड़ी नजर रखी जा रही है। पिछले एक सप्ताह की कार्रवाई के दौरान पुलिस ने 43 ऐसे चालकों को पकड़ा है, जो नशे की हालत में वाहन चला रहे थे। इन सभी के खिलाफ ‘ड्रंक एंड ड्राइव’ (Drunk and Drive) के तहत न्यायालयीन प्रकरण दर्ज कर अर्थदंड की कार्रवाई की गई है।
मालवाहक वाहनों में सवारी ढोने पर रोक और समझाइश

चेकिंग के दौरान पुलिस ने उन वाहनों पर भी कार्रवाई की, जो नियमों को ताक पर रखकर मालवाहक वाहनों (Goods Vehicles) का उपयोग सवारी ढोने के लिए कर रहे थे। पुलिस टीम ने ऐसे वाहन चालकों के खिलाफ यातायात नियमों के तहत कार्रवाई करने के साथ-साथ उन्हें सख्त समझाइश भी दी है कि वे भविष्य में मालवाहकों में इंसानों की जान जोखिम में न डालें।
आम जनता से पुलिस की अपील
गरियाबंद पुलिस ने इस अभियान के माध्यम से आम जनता से भी एक विशेष अपील की है:
- हमेशा यातायात नियमों का पूरी तरह पालन करें।
- मालवाहक वाहनों का उपयोग किसी भी स्थिति में सवारी ढोने के लिए न करें।
- नशे की हालत में वाहन चलाकर अपनी और दूसरों की जान को खतरे में न डालें।
पुलिस विभाग ने स्पष्ट किया है कि यातायात सुरक्षा को लेकर किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ यह सघन चेकिंग अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा।


