
रायपुर। रक्षाबंधन पर्व के दौरान यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे ने विशेष ट्रेन चलाने का फैसला किया है। रायपुर रेल मंडल द्वारा दुर्ग-रायगढ़-दुर्ग के बीच 27 से 29 अगस्त 2026 तक रक्षाबंधन पैसेंजर स्पेशल ट्रेन संचालित की जाएगी। इससे त्योहार पर घर जाने वाले भाई-बहनों समेत अन्य यात्रियों को अतिरिक्त यात्रा सुविधा मिलेगी।
स्पेशल ट्रेन में कुल 10 आईसीएफ कोच लगाए जाएंगे, जिनमें 8 जनरल और 2 एसएलआरडी कोच शामिल होंगे। ट्रेन के संचालन से दुर्ग, भिलाई, रायपुर, तिल्दा-नेवरा, भाटापारा, बिलासपुर, जांजगीर-चांपा, सक्ती, खरसिया, रायगढ़ सहित मार्ग के अन्य स्टेशनों के यात्रियों को फायदा होगा।
सुबह 10:30 बजे दुर्ग से होगी रवाना
गाड़ी संख्या 08834 दुर्ग-रायगढ़ पैसेंजर स्पेशल दुर्ग से सुबह 10:30 बजे रवाना होकर रात 7 बजे रायगढ़ पहुंचेगी। ट्रेन भिलाई नगर, भिलाई पावर हाउस, भिलाई, देवबलोदा चरोदा, कुम्हारी, सरोना, सरस्वती नगर और रायपुर सहित कई स्टेशनों पर ठहरेगी।
इसके बाद ट्रेन डब्ल्यूआरएस, उरकुरा, मांढर, सिलियारी, बैकुंठ, तिल्दा-नेवरा, हथबंद और भाटापारा होते हुए बिलासपुर पहुंचेगी। बिलासपुर के बाद गतौरा, जयरामनगर, अकलतरा, जांजगीर-नैला, चांपा, सारागांव-देवरी, सक्ती, खरसिया, रॉबर्टसन, भूपदेवपुर और किरोड़ीमल नगर होते हुए रायगढ़ पहुंचेगी।
रेलवे के इस निर्णय से रक्षाबंधन के दौरान सफर करने वाले यात्रियों को नियमित ट्रेनों के अलावा एक अतिरिक्त विकल्प मिलेगा। त्योहार के दौरान यात्रियों की भीड़ को देखते हुए स्पेशल ट्रेन का संचालन महत्वपूर्ण माना जा रहा है।








