
रायपुर। छत्तीसगढ़ में शराब उपभोक्ताओं के लिए अहम बदलाव हुआ है। राज्य के आबकारी विभाग ने नई रेट लिस्ट जारी कर दी है, जिसमें हाई रेंज विदेशी शराब की कीमतों में राहत दी गई है, जबकि बियर और कुछ अन्य मिड-रेंज ब्रांड्स महंगे हो गए हैं।
नई दरों के मुताबिक, प्रीमियम और इम्पोर्टेड शराब की कीमतों में करीब 1000 रुपये तक की कमी की गई है। इससे महंगे ब्रांड्स पसंद करने वाले ग्राहकों को सीधा फायदा मिलेगा। सरकार का यह कदम बाजार में प्रतिस्पर्धा बढ़ाने और उपभोक्ताओं को राहत देने की दिशा में अहम माना जा रहा है।
हालांकि, दूसरी ओर बियर और कुछ मिड-रेंज शराब की कीमतों में बढ़ोतरी की गई है, जिससे आम उपभोक्ताओं की जेब पर अतिरिक्त असर पड़ सकता है। वहीं राहत की बात यह है कि देशी शराब की कीमतों में कोई बदलाव नहीं किया गया है और यह पहले की दरों पर ही उपलब्ध रहेगी।
आबकारी विभाग के आदेश के साथ ही नई दरें पूरे राज्य में लागू हो गई हैं। माना जा रहा है कि इस फैसले का असर आने वाले समय में शराब की बिक्री और सरकारी राजस्व दोनों पर देखने को मिलेगा।



