
पिथौरा/महासमुंद। पिथौरा पुलिस ने 19 अगस्त 2026 को मुखबिर की सूचना पर बस स्टैंड बाजार के पीछे खुले स्थान पर चल रहे जुआ फड़ पर कार्रवाई की। पुलिस ने मौके से 10 लोगों को पकड़कर उनके कब्जे और जुआ फड़ से कुल 10,310 रुपये नगद तथा 52 पत्ती ताश की एक गड्डी जब्त की।
पुलिस के अनुसार प्रशिक्षु उपनिरीक्षक धर्मेश कुमार मरकाम हमराह स्टाफ के साथ गश्त एवं जुर्म जरायम पतासाजी पर निकले थे। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि बस स्टैंड बाजार के पीछे कुछ लोग रुपये-पैसे की हार-जीत का दांव लगाकर ताश से जुआ खेल रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने गवाहों की मौजूदगी में मौके पर घेराबंदी कर दबिश दी।
पुलिस को देखकर कुछ जुआरी मौके से भाग निकले, जबकि प्रकाश डडसेना, शेख अजीम, रमाकांत क्षेत्रपाल, सुभाष अग्रवाल, मीना कुमार सिन्हा, लिलेश डडसेना, मुकेश अग्रवाल, हरीश कुमार साहू, गंगाराम सिन्हा और ओमकार सिंह को पकड़ लिया गया।
पुलिस ने आरोपियों के पास से रकम तथा फड़ की राशि मिलाकर कुल 10,310 रुपये और 52 पत्ती ताश जब्त की। कार्रवाई के दौरान प्रत्येक आरोपी के पास से नगद रकम और फड़ की रकम बरामद होने का उल्लेख पुलिस रिकॉर्ड में किया गया है।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ (प्रतिषेध) अधिनियम 2022 की धारा 3(2) के तहत मामला दर्ज कर विवेचना में लिया है। मामला जमानतीय होने के कारण आरोपियों को सक्षम जमानतदार पेश करने और मुचलका भरने के बाद जमानत पर रिहा कर दिया गया।
पुलिस की इस कार्रवाई से पिथौरा क्षेत्र में जुआ गतिविधियों में लिप्त लोगों के बीच हड़कंप मच गया है।




