छत्तीसगढ़ में आज से बारिश पर ब्रेक, बढ़ेगा तापमान; 9 जुलाई से फिर बदलेगा मौसम का मिजाज

रायपुर। छत्तीसगढ़ में लगातार हो रही बारिश के बाद बुधवार से मौसम में बदलाव देखने को मिलेगा। मौसम विभाग के अनुसार, आज से प्रदेश में बारिश की गतिविधियों में कमी आएगी और अधिकतम तापमान में बढ़ोतरी होने की संभावना है। हालांकि कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश, गरज-चमक और वज्रपात की आशंका बनी हुई है।
पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में बारिश दर्ज की गई। मध्य और उत्तर छत्तीसगढ़ के एक-दो क्षेत्रों में भारी से अति भारी वर्षा हुई। राजधानी रायपुर में शाम के समय हल्की बूंदाबांदी हुई, जबकि बुधवार सुबह दो दिनों बाद धूप निकलने से लोगों को राहत मिली।
मौसम विभाग के अनुसार, पूर्वी मध्यप्रदेश और आसपास बना निम्न दबाव का क्षेत्र अब धीरे-धीरे पश्चिम-उत्तर पश्चिम दिशा में बढ़ते हुए कमजोर पड़ सकता है।
वहीं दक्षिण-पश्चिम राजस्थान से बांग्लादेश तक उत्तर छत्तीसगढ़ होकर गुजर रही मौसमी द्रोणिका और उत्तर-पूर्व अरब सागर से बांग्लादेश तक विस्तारित दूसरी द्रोणिका का असर प्रदेश के मौसम पर बना हुआ है।
मंगलवार को प्रदेश में सर्वाधिक अधिकतम तापमान दुर्ग में 30.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि राजनांदगांव और पेंड्रा रोड में न्यूनतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस रहा।
राजधानी रायपुर में बुधवार को आंशिक बादल छाए रहने के साथ गरज-चमक, हल्की बारिश और तेज हवाएं चलने की संभावना है। शहर का अधिकतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है। मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने और वज्रपात के समय सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील की है।

