गरियाबंद। मैनपुर थाना क्षेत्र के ग्राम हरदीभाठा से एक महिला अपनी चार वर्षीय बेटी के साथ लापता हो गई है। महिला के पति ने थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराते हुए किसी अनहोनी की आशंका जताई है। मामले में पुलिस ने सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों के अनुपालन में धारा 140(3) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर जांच और पतासाजी शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार, ग्राम हरदीभाठा निवासी सागर विश्वकर्मा ने 21 अगस्त 2026 को थाना मैनपुर में लिखित आवेदन दिया। उसने बताया कि उसकी पत्नी महेन्द्री विश्वकर्मा (29 वर्ष) 20 अगस्त की सुबह करीब 11 बजे अपनी चार वर्षीय बेटी नैनिका विश्वकर्मा के साथ मायके ग्राम जाड़ापदर जाने की बात कहकर घर से निकली थी।

महिला और बच्ची मायके नहीं पहुंचीं और वापस घर भी नहीं लौटीं। परिजनों ने आसपास के गांवों और रिश्तेदारों के यहां तलाश की, लेकिन दोनों का कोई पता नहीं चल सका।

शिकायतकर्ता ने पुलिस को बताया कि उसे आशंका है कि किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा उसकी पत्नी के साथ कोई अनहोनी की गई हो सकती है। आवेदन के आधार पर पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए गुमशुदगी की पतासाजी शुरू की है।

पुलिस ने गुम इंसान के मामले में सुप्रीम कोर्ट के जी. गणेश बनाम तमिलनाडु राज्य संबंधी निर्देशों के अनुपालन में महिला के साथ धारा 140(3) बीएनएस के तहत अपराध घटित होने की आशंका को देखते हुए मामला दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है। पुलिस महिला और बच्ची की तलाश में जुटी हुई है।