Follow Us on Our Social Media
छत्तीसगढ़देश दुनियां

बच्चों के बीच जमीन पर बैठीं सांसद, तिलक लगाकर किया स्वागत; शाला प्रवेशोत्सव में शिक्षा पर दिया जोर

Follow Us on Our Social Media

गरियाबंद | 30 जून: नए शिक्षा सत्र की शुरुआत के साथ गरियाबंद जिले के मैनपुर स्थित शासकीय हायर सेकेंडरी स्कूल में मंगलवार को जिला स्तरीय शाला प्रवेशोत्सव उत्साह और उल्लास के माहौल में आयोजित किया गया। कार्यक्रम में महासमुंद लोकसभा क्षेत्र की सांसद श्रीमती रूपकुमारी चौधरी और बिंद्रानवागढ़ विधायक जनक राम ध्रुव ने नवप्रवेशी विद्यार्थियों का तिलक लगाकर और मिठाई खिलाकर स्वागत किया। इस दौरान छात्राओं को साइकिल, विद्यार्थियों को गणवेश और नई पाठ्यपुस्तकों का वितरण भी किया गया।

कार्यक्रम का सबसे भावुक क्षण तब देखने को मिला, जब सांसद रूपकुमारी चौधरी मंच से उतरकर छात्राओं के बीच जमीन पर बैठीं, उनसे पढ़ाई और भविष्य को लेकर बातचीत की, अपने छात्र जीवन के अनुभव साझा किए और बच्चों के साथ सेल्फी लेकर उनका उत्साह बढ़ाया। इस आत्मीय व्यवहार ने विद्यार्थियों और अभिभावकों का ध्यान आकर्षित किया।अपने संबोधन में सांसद चौधरी ने कहा कि “बच्चे ही देश का भविष्य हैं और समाज के विकास में शिक्षा की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण है।” उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि कोई भी बच्चा शिक्षा से वंचित न रहे। उन्होंने अभिभावकों से बच्चों की पढ़ाई को सर्वोच्च प्राथमिकता देने की अपील करते हुए कहा कि शिक्षा जीवन की सबसे बड़ी पूंजी है और संस्कारों के साथ शिक्षा ही मजबूत समाज की नींव रखती है।

विधायक जनक राम ध्रुव ने कहा कि शाला प्रवेशोत्सव केवल एक औपचारिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि प्रत्येक बच्चे तक शिक्षा पहुंचाने का जन अभियान है। उन्होंने कहा कि सभी बच्चों का नियमित रूप से विद्यालय जाना और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्राप्त करना समाज और शासन की साझा जिम्मेदारी है।कलेक्टर बी.एस. उइके ने विद्यार्थियों को नियमित विद्यालय आने और पूरी लगन से अध्ययन करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने अभिभावकों से भी बच्चों की शिक्षा के प्रति जागरूक रहने का आग्रह किया। कार्यक्रम के दौरान सरस्वती साइकिल योजना के तहत कक्षा 9वीं की पांच छात्राओं को साइकिलें प्रदान की गईं। साथ ही नवप्रवेशी विद्यार्थियों को गणवेश और पाठ्यपुस्तकों का वितरण किया गया।समारोह में विद्यार्थियों ने रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी दीं। कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष गौरीशंकर कश्यप, जिला पंचायत उपाध्यक्ष लालिमा ठाकुर, जिला शिक्षा अधिकारी राजेश चंद्राकर, ग्राम पंचायत मैनपुर की सरपंच हनिता नायक सहित जनप्रतिनिधि, शिक्षक, अभिभावक और बड़ी संख्या में स्कूली विद्यार्थी उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button