नवोदय प्रवेश परीक्षा में बसना के 1,075 विद्यार्थियों ने आजमाई प्रतिभा, 213 रहे अनुपस्थित

बसना। जवाहर नवोदय विद्यालय में शैक्षणिक सत्र 2027-28 के लिए कक्षा छठवीं में प्रवेश हेतु आयोजित चयन परीक्षा विकासखंड बसना में शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित तरीके से संपन्न हुई। नवोदय विद्यालय में दाखिले का सपना लेकर विकासखंड के 1,075 विद्यार्थियों ने परीक्षा में शामिल होकर अपनी प्रतिभा आजमाई।
परीक्षा के लिए कुल 1,288 विद्यार्थियों ने पंजीयन कराया था, जिनमें से 1,075 विद्यार्थी परीक्षा में उपस्थित रहे, जबकि 213 विद्यार्थी अनुपस्थित रहे। इस तरह परीक्षा में कुल 83.46 प्रतिशत उपस्थिति दर्ज की गई।
परीक्षा के सफल संचालन के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई थीं। निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुरूप विद्यार्थियों ने परीक्षा में भाग लिया। पूरी परीक्षा प्रक्रिया शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न हुई।
इस अवसर पर विकासखंड शिक्षा अधिकारी बद्री विशाल जोल्हे ने परीक्षा में शामिल सभी छात्र-छात्राओं को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने उम्मीद जताई कि विद्यार्थी अपनी मेहनत, लगन और प्रतिभा के बल पर सफलता हासिल कर अपने माता-पिता, विद्यालय और क्षेत्र का नाम रोशन करेंगे।
- आंकड़ों में परीक्षा:
- कुल पंजीकृत विद्यार्थी – 1,288
- परीक्षा में उपस्थित – 1,075
- अनुपस्थित विद्यार्थी – 213
- कुल उपस्थिति – 83.46 प्रतिशत



