18 साल बाद फिर सजी स्कूल की महफिल, गुरुजनों के सम्मान में झुके शिष्य

भंवरपुर। समय बदला, जिंदगी की राहें बदलीं और सहपाठी अपने-अपने क्षेत्र में अलग-अलग मुकाम पर पहुंच गए, लेकिन स्कूल के दिनों की यादें और गुरुजनों से मिले संस्कार आज भी दिलों में जीवंत हैं। इसी आत्मीयता और पुराने रिश्तों को फिर से जीने का अवसर मिला शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय भंवरपुर में, जहां वर्ष 2007-08 बैच के पूर्व विद्यार्थी करीब 18 साल बाद एक बार फिर अपने पुराने विद्यालय में जुटे।
22 नवंबर 2026 को आयोजित पुनर्मिलन समारोह में पुराने सहपाठियों ने एक-दूसरे को गले लगाकर पुरानी यादें ताजा कीं। कभी एक ही कक्षा में बैठकर भविष्य के सपने देखने वाले विद्यार्थी आज जीवन के अलग-अलग पड़ाव पार करने के बाद फिर उसी विद्यालय के आंगन में एकत्र हुए। इस दौरान सबसे भावुक पल तब आया, जब पूर्व विद्यार्थियों ने अपने गुरुजनों का पुष्पमाला और स्मृति चिह्न भेंटकर सम्मान किया। गुरुजनों के प्रति सम्मान और कृतज्ञता का यह दृश्य सभी को भावुक कर गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि विद्यालय के तत्कालीन प्राचार्य बनमाली प्रधान रहे, जबकि अध्यक्षता वर्तमान प्राचार्य मनोज नन्द ने की। विशिष्ट अतिथियों के रूप में पीके निर्मलकर, एनके दीवान, युधिष्ठिर कर, गुलाब किशोर स्वर्णकार, संतराम सारथी, फगुलाल बरिहा, जेपी नेताम, एसके पटेल, अनंत विजय कदम, व्हीएन पटेल, तरुण कुमार पटेल, साबित राम डडसेना, धीरेन्द्र कुमार जगत, भुनेश्वर दास, आरडी साहू, बालकराम भोई, विजेंद्र सिदार, रसिया भोई, बून्दलाल नायक, हारलाल चौधरी, देव कुमार चौहान, रुपलाल चौहान, सुरेश साहू एवं शरद कुमार बाघ उपस्थित रहे।
समारोह का शुभारंभ मां सरस्वती एवं भारत माता के छायाचित्र पर पूजा-अर्चना और पुष्प अर्पित कर किया गया। सेजेस बालिका विद्यालय की छात्राओं ने स्वागत नृत्य प्रस्तुत किया। इसके बाद राष्ट्रगान हुआ। पूर्व विद्यार्थियों ने अपने गुरुजनों को पुष्पमाला पहनाकर एवं स्मृति चिह्न भेंटकर सम्मानित किया। गुरुजनों ने भी आशीर्वचन देते हुए विद्यार्थियों को जीवन में निरंतर आगे बढ़ने, संस्कारों को बनाए रखने और समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने की प्रेरणा दी।
विद्यालय को भेंट किए 10 पाम ट्री, किया पौधरोपण
पुनर्मिलन समारोह को यादगार बनाने के साथ ही पूर्व विद्यार्थियों ने अपने पुराने विद्यालय के प्रति अपनत्व और जिम्मेदारी भी दिखाई। उन्होंने विद्यालय परिसर के लिए 10 पाम ट्री के पौधे भेंट किए। गुरुजनों और पूर्व विद्यार्थियों ने मिलकर पौधरोपण किया और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। यह पहल विद्यालय से जुड़े रिश्तों को आने वाले वर्षों तक जीवंत रखने की एक खूबसूरत सौगात बन गई।
इसके बाद छात्राओं ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। गुरुजनों और पूर्व विद्यार्थियों ने सामूहिक छायाचित्र लेकर इन खास पलों को यादों में संजोया। सामूहिक भोज के दौरान पुराने दोस्तों के बीच हंसी-मजाक और आत्मीय बातचीत का दौर चला। गुरुजनों की विदाई के बाद पूर्व विद्यार्थियों ने गीत-संगीत और मनोरंजक गतिविधियों के जरिए स्कूल के दिनों की शरारतों और पुराने किस्सों को याद किया।
आयोजन में इनकी रही महत्वपूर्ण भूमिका
कार्यक्रम के सफल आयोजन में भोज प्रधान, जीतू वैष्णव, नरोत्तम पटेल, झमन श्रीवास एवं पारसमणी पटेल की महत्वपूर्ण भूमिका रही। वर्ष 2007-08 बैच के सभी पूर्व विद्यार्थियों ने आयोजन में सहयोग देने वाले गुरुजनों, अतिथियों और सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया।
यह पुनर्मिलन केवल एक दिन का कार्यक्रम नहीं, बल्कि गुरु-शिष्य के अटूट रिश्ते, मित्रता और पुराने संस्कारों का उत्सव बन गया। विद्यालय के उसी पुराने आंगन से विदा होते समय सभी के चेहरों पर मुस्कान और दिलों में फिर मिलने की उम्मीद थी। 18 साल बाद सजी यह महफिल कई अनमोल यादें छोड़ गई।



