पिथौरा के बूथ क्रमांक 29 पर सुनी गई ‘मन की बात’, नशामुक्त युवा और साइबर सुरक्षा का दिया संदेश

पिथौरा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लोकप्रिय मासिक रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ के 140वें एपिसोड का रविवार को महासमुंद जिले के बसना विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत पिथौरा मंडल के ग्राम पंचायत टेका स्थित पोलिंग बूथ क्रमांक 29 पर सामूहिक श्रवण किया गया। कार्यक्रम में भाजपा जिला प्रवक्ता स्वप्निल तिवारी विशेष रूप से उपस्थित रहे। इस दौरान भाजपा नेताओं, कार्यकर्ताओं और ग्रामीणों ने प्रधानमंत्री के विचारों को ध्यानपूर्वक सुना।
कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने युवाओं को नशे की लत से दूर रखने, साइबर अपराधों के प्रति जागरूकता बढ़ाने और सरकारी कर्मचारियों को आधुनिक तकनीक से जोड़ने जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की। उन्होंने नशे को युवाओं के भविष्य के लिए बड़ी चुनौती बताते हुए नशामुक्त युवा अभियान की सराहना की। साथ ही नशे से बाहर निकलकर जीवन को नई दिशा देने वाले युवाओं के प्रेरक अनुभव भी साझा किए।
प्रधानमंत्री ने साइबर सुरक्षा पर जोर देते हुए ‘संचार साथी’ ऐप की उपयोगिता बताई। उन्होंने कहा कि यह प्लेटफॉर्म साइबर धोखाधड़ी रोकने और खोए हुए मोबाइल फोन को वापस पाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। इसके अलावा ‘iGOT कर्मयोगी’ डिजिटल प्लेटफॉर्म के माध्यम से सरकारी कर्मचारियों को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) जैसी आधुनिक तकनीकों का प्रशिक्षण दिए जाने की जानकारी दी। कार्यक्रम में फिटनेस, खेल, कला, संग्रहालय और ‘संडेज ऑन साइकिल’ जैसे विषयों पर भी चर्चा हुई।
इस अवसर पर भाजपा जिला प्रवक्ता स्वप्निल तिवारी ने कहा कि ‘मन की बात’ केवल संवाद का माध्यम नहीं, बल्कि समाज में सकारात्मक बदलाव और जनजागरूकता लाने वाला सशक्त मंच है। युवाओं को नशे से दूर रहकर शिक्षा, खेल, नवाचार और राष्ट्र निर्माण में अपनी ऊर्जा लगानी चाहिए। उन्होंने साइबर अपराधों से बचाव के लिए आम नागरिकों को जागरूक रहने और डिजिटल सुरक्षा के उपाय अपनाने की अपील की।
तिवारी ने कहा कि प्रधानमंत्री देश के कोने-कोने में हो रहे सामाजिक और जनहितकारी कार्यों को ‘मन की बात’ के माध्यम से राष्ट्रीय पहचान दिलाते हैं। भाजपा संगठन द्वारा प्रत्येक बूथ पर कार्यक्रम के सामूहिक श्रवण से कार्यकर्ताओं और आम नागरिकों के बीच संवाद एवं सहभागिता बढ़ती है।
कार्यक्रम में सहकारी समिति अध्यक्ष रामचरण साहू, डॉ. संजय गोयल, राजा शुक्ला, साहित्यकार संजय गोयल, पवन अग्रवाल, किशन साहू, वेदप्रकाश साहू, गजानंद ठाकुर, रोहित पटेल, सनत बरिहा, संदीप पांडे, संतोष यादव, सरिता साहू, नूरी निशा, लक्ष्मण बरिहा, बलराम साहू, नीरू बाई भोई, संध्या साहू सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।



