बागबाहरा में आबकारी टीम पर हमला, शराब कार्रवाई के दौरान जमकर मारपीट

महासमुंद। जिले में अवैध शराब बिक्री के खिलाफ कार्रवाई करने पहुंची आबकारी विभाग की टीम पर हमला किए जाने का मामला सामने आया है।
बागबाहरा क्षेत्र के ग्राम बोकरामुड़ाखुर्द के डुमानी पारा में हुई इस घटना में आबकारी विभाग के सब इंस्पेक्टर (SI), एक आरक्षक और सेल्समैन घायल हो गए। घायलों में सेल्समैन ललित राजपूत की हालत गंभीर बताई जा रही है।
मिली जानकारी के अनुसार, शनिवार सुबह अवैध शराब बिक्री की सूचना मिलने पर आबकारी विभाग की छह सदस्यीय टीम बागबाहरा क्षेत्र के ग्राम बोकरामुड़ाखुर्द के डुमानी पारा पहुंची थी।
टीम मौके पर अवैध शराब बेचने वालों के खिलाफ कार्रवाई करने पहुंची, तभी वहां मौजूद कुछ लोगों के साथ विवाद शुरू हो गया। देखते ही देखते विवाद ने हिंसक रूप ले लिया और आबकारी टीम के सदस्यों के साथ मारपीट की गई।
घटना की सूचना मिलते ही बागबाहरा पुलिस मौके पर पहुंची और आबकारी विभाग की टीम को सुरक्षित बाहर निकाला। मारपीट में घायल SI, आरक्षक और सेल्समैन को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बागबाहरा ले जाया गया।
प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल सेल्समैन ललित राजपूत को बेहतर इलाज के लिए महासमुंद रेफर किया गया।
घटना के बाद आबकारी विभाग की टीम ने बागबाहरा थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। फिलहाल मारपीट में शामिल लोगों की पहचान की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद आरोपियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।



