FIR और हाईकोर्ट के आदेश के बाद भी गिरफ्तारी नहीं, युवती ने पुलिस से लगाई गुहार

बिलासपुर। सोशल मीडिया पर दोस्ती, फिर प्रेम संबंध और शादी का वादा कर शारीरिक संबंध बनाने के बाद शादी से मुकरने का मामला सामने आया है। पीड़िता ने मध्यप्रदेश के लखनादौन निवासी सौरभ कुमार जैन पर शादी का झांसा देकर शारीरिक संबंध बनाने का आरोप लगाया है।
युवती का कहना है कि आरोपी के खिलाफ एफआईआर दर्ज होने और हाईकोर्ट से अग्रिम जमानत याचिका खारिज होने के बावजूद अब तक उसकी गिरफ्तारी नहीं हुई है। पीड़िता ने पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए वरिष्ठ अधिकारियों से न्याय की गुहार लगाई है।
इंस्टाग्राम से शुरू हुई थी दोस्ती
पीड़िता के मुताबिक, वर्ष 2023 में इंस्टाग्राम के माध्यम से उसकी पहचान सौरभ कुमार जैन से हुई थी। धीरे-धीरे दोनों के बीच बातचीत बढ़ी और दोस्ती प्रेम संबंध में बदल गई।
युवती का आरोप है कि वर्ष 2024 में बिलासपुर में आरोपी ने शादी का भरोसा दिलाकर उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए। इस दौरान आरोपी ने उससे शादी करने के साथ ही उसके बच्चों को भी अपनाने का वादा किया था।
पीड़िता का कहना है कि जब उसने शादी की बात आगे बढ़ाई तो आरोपी अपने वादे से मुकर गया। इसके बाद उसने पुलिस से शिकायत की, जिसके आधार पर आरोपी के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई।
हाईकोर्ट से अग्रिम जमानत खारिज, फिर भी गिरफ्तारी नहीं
युवती का आरोप है कि आरोपी ने गिरफ्तारी से बचने के लिए हाईकोर्ट में अग्रिम जमानत याचिका दायर की थी, जिसे अदालत ने खारिज कर दिया। इसके बावजूद अब तक आरोपी पुलिस की गिरफ्त से बाहर है। पीड़िता के अनुसार, आरोपी की तलाश में पुलिस टीम लखनऊ तक गई थी, लेकिन बिना गिरफ्तारी वापस लौट आई।
फोन कॉल और मैसेज से धमकी देने का आरोप
पीड़िता ने आरोप लगाया है कि आरोपी फोन कॉल और मैसेज के माध्यम से उसे लगातार धमकियां दे रहा है। इस संबंध में उसने पुलिस को अलग से शिकायत भी दी है। युवती का कहना है कि वह थाना प्रभारी, सीएसपी और एसएसपी कार्यालय में कई बार शिकायत कर कार्रवाई की मांग कर चुकी है, लेकिन अब तक उसे अपेक्षित राहत नहीं मिली है।
तीन मोबाइल नंबर सक्रिय होने का दावा
पीड़िता ने दावा किया है कि आरोपी के तीन मोबाइल नंबर अभी भी सक्रिय हैं और उनकी लोकेशन लखनऊ में मिल रही है। इसके बावजूद गिरफ्तारी नहीं होने से वह परेशान है। युवती ने पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों से आरोपी की जल्द गिरफ्तारी करने और कथित धमकियों के मामले में भी सख्त कार्रवाई करने की मांग की है।



