दिसंबर में हो सकते हैं नगरीय निकाय चुनाव, उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने दिए संकेत; भाजपा ने सभी 17 निकायों में शुरू की तैयारी

रायपुर। छत्तीसगढ़ में नगरीय निकाय चुनाव को लेकर सियासी सरगर्मी तेज हो गई है। सोमवार को अंतिम मतदाता सूची के प्रकाशन के साथ ही चुनाव की तारीखों के ऐलान को लेकर राजनीतिक दलों और आम जनता की निगाहें निर्वाचन आयोग पर टिक गई हैं। इस बीच उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने संकेत दिए हैं कि प्रदेश में दिसंबर महीने में नगरीय निकाय चुनाव हो सकते हैं।
मीडिया से चर्चा करते हुए अरुण साव ने कहा कि निर्वाचन आयोग चुनाव की तैयारियों में जुटा हुआ है। भारतीय जनता पार्टी प्रत्येक चुनाव को गंभीरता से लेती है और प्रदेश के सभी 17 नगरीय निकायों में पार्टी की तैयारी चल रही है। उन्होंने दावा किया कि भाजपा पिछले नगरीय निकाय चुनाव के परिणाम को दोहराएगी। साव ने कहा कि उनकी सरकार ने पिछले तीन वर्षों में शहरों के विकास के लिए कई काम किए हैं और जनता भाजपा को अपना आशीर्वाद देगी।
कांग्रेस की स्थिति पर साधा निशाना
कांग्रेस प्रदेश प्रभारी सुखदेव भगत की कार्यकर्ताओं के साथ बैठक को लेकर भी उप मुख्यमंत्री ने कांग्रेस पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की स्थिति काफी खराब है। जिलाध्यक्ष प्रभारी की बैठक में नहीं पहुंच पा रहे हैं और पार्टी को अपने जिलाध्यक्षों को नोटिस जारी करना पड़ रहा है। इससे कांग्रेस के भीतर की स्थिति का अंदाजा लगाया जा सकता है।
दीपक बैज के नेतृत्व पर भी कसा तंज
पीसीसी अध्यक्ष दीपक बैज के प्रदर्शन को लेकर अरुण साव ने तंज कसते हुए कहा कि कांग्रेस हारे-पीटे हुए लोगों की पार्टी बनकर रह गई है और समाप्ति की ओर बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस में प्रदेश अध्यक्ष अब तक अपनी कार्यसमिति तक नहीं बना पाए हैं। हालांकि, उन्होंने इसे कांग्रेस का आंतरिक मामला बताया।
महिला आरक्षण और परिसीमन बिल पर कही ये बात
संसद के आगामी सत्र में पेश होने वाले परिसीमन बिल को लेकर उप मुख्यमंत्री ने कहा कि लोकसभा में महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण देने का बिल पहले ही पारित हो चुका है और महिला आरक्षण जल्द लागू होगा। उन्होंने आरोप लगाया कि जब महिला आरक्षण बिल पेश किया गया था, तब विपक्षी दलों का महिला विरोधी चेहरा सामने आया था। साव ने कहा कि आरक्षण बिल के साथ परिसीमन भी होने वाला है। विपक्षी दल आत्मघाती कदम उठा रहे हैं और इसका खामियाजा उन्हें भुगतना पड़ेगा।
शराब घोटाले में गिरफ्तारी पर बोले साव
शराब घोटाला मामले में विकास अग्रवाल की गिरफ्तारी को लेकर उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि जांच के दौरान कई महत्वपूर्ण बातें सामने आ रही हैं। जांच के क्रम में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर कार्रवाई की जाएगी।


