Follow Us on Our Social Media
छत्तीसगढ़महासमुंद
Trending

गढ़फुलझर को मिलेगी नई पहचान, रामचंडी मंदिर पहुंच मार्ग के लिए 3.80 करोड़ रुपये स्वीकृत

1.85 किलोमीटर सड़क का होगा निर्माण, श्रद्धालुओं को मिलेगी आवागमन की बेहतर सुविधा; धार्मिक पर्यटन को मिलेगा बढ़ावा

Follow Us on Our Social Media

बसना। महासमुंद जिले का ऐतिहासिक एवं धार्मिक महत्व रखने वाला गढ़फुलझर अब धार्मिक पर्यटन के नए केंद्र के रूप में विकसित होने की दिशा में आगे बढ़ रहा है।

यहां स्थित श्रीश्री रणेश्वर रामचंडी मंदिर तक पहुंचने के लिए छत्तीसगढ़ शासन के लोक निर्माण विभाग ने 1.85 किलोमीटर लंबे पहुंच मार्ग के निर्माण हेतु 380.62 लाख रुपये (3 करोड़ 80 लाख 62 हजार रुपये) की प्रशासकीय स्वीकृति प्रदान की है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने अपने गढ़फुलझर प्रवास के दौरान इस मार्ग की घोषणा की थी। स्वीकृति मिलने के बाद क्षेत्रवासियों और श्रद्धालुओं में खुशी का माहौल है।

स्वीकृत राशि से प्रस्तावित मार्ग पर डामरीकरण के साथ सीमेंट कांक्रीट सड़क का निर्माण किया जाएगा। सड़क बनने से मंदिर तक पहुंचना आसान होगा और प्रतिदिन दर्शन के लिए आने वाले श्रद्धालुओं को आवागमन में सुविधा मिलेगी। विशेष रूप से प्रतिवर्ष अक्टूबर माह में आयोजित होने वाले रामचंडी दिवस के भव्य मेले के दौरान हजारों श्रद्धालुओं को इसका लाभ मिलेगा। लंबे समय से इस मार्ग के बेहतर निर्माण की मांग की जा रही थी।

गुरु नानक देव जी के आगमन से जुड़ा है ऐतिहासिक महत्व

गढ़फुलझर केवल मां रामचंडी की आस्था का केंद्र नहीं, बल्कि ऐतिहासिक और धार्मिक विरासत के लिए भी विशेष पहचान रखता है। मान्यता और ऐतिहासिक संदर्भों के अनुसार सिखों के प्रथम गुरु श्री गुरु नानक देव जी अपनी पहली उदासी यात्रा के दौरान लगभग 518 वर्ष पूर्व इस क्षेत्र में पहुंचे थे। उनके प्रवास से जुड़ी स्मृतियां आज भी सिख समाज की आस्था का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं। इसी ऐतिहासिक महत्व को देखते हुए क्षेत्र में भव्य गुरुधाम निर्माण की दिशा में भी पहल की जा रही है।

धार्मिक और ऐतिहासिक धरोहरों से समृद्ध है गढ़फुलझर

गढ़फुलझर में मां रामचंडी मंदिर के साथ बूढ़ादेव मंदिर, जैतखंभ सहित विभिन्न धार्मिक एवं सांस्कृतिक स्थल मौजूद हैं, जो सामाजिक समरसता और सांस्कृतिक विरासत को दर्शाते हैं। इसके अलावा आसपास के क्षेत्र में ऐतिहासिक किला, सुरंगें, रानी महल और मानसरोवर जैसे धरोहर स्थल भी आकर्षण का केंद्र हैं।

पर्यटन विकास से बढ़ेंगे रोजगार के अवसर

कोलता समाज सहित स्थानीय लोगों का मानना है कि रामचंडी मंदिर पहुंच मार्ग का निर्माण और गुरुधाम का विकास गढ़फुलझर को धार्मिक पर्यटन के बड़े केंद्र के रूप में स्थापित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है। इससे श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं मिलने के साथ स्थानीय व्यापार, रोजगार और आर्थिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।

रामचंडी मंदिर पहुंच मार्ग के लिए मिली 3.80 करोड़ रुपये की स्वीकृति को क्षेत्र के विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। आने वाले समय में सड़क और धार्मिक स्थलों के विकास से गढ़फुलझर की ऐतिहासिक एवं धार्मिक पहचान को नई पहचान मिलने की उम्मीद है।

mahipal sao

कुशाभाऊ ठाकरे पत्रकारिता एवं जनसंचार विश्वविद्यालय से स्नातक की शिक्षा पूर्ण की। इसके पश्चात पत्रकारिता के क्षेत्र में करियर… More »

Related Articles

Back to top button