पानी टंकी के पास शराब बेचने ग्राहक तलाश रही महिला गिरफ्तार, 30 लीटर महुआ शराब जब्त

बसना। अवैध शराब बिक्री की सूचना पर बसना पुलिस ने वार्ड नंबर 02 स्थित पानी टंकी के पास कार्रवाई करते हुए एक महिला को 30 लीटर हाथभट्ठी महुआ शराब के साथ गिरफ्तार किया। बरामद शराब की कीमत करीब 6 हजार रुपये आंकी गई है।
पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि रेमड़ा जाने वाली सड़क पर एक महिला शराब बिक्री के लिए ग्राहक तलाश रही है। सूचना से थाना प्रभारी को अवगत कराने के बाद टीम ने गवाहों के साथ मौके पर घेराबंदी की और बिंदु गहरे (40), निवासी वार्ड नंबर 02 बसना, को पकड़ लिया।
तलाशी के दौरान उसके पास रखे नीले रंग के ड्रम से हाथभट्ठी निर्मित महुआ शराब बरामद हुई। पूछताछ में महिला के पास शराब रखने अथवा बेचने संबंधी कोई वैध दस्तावेज या लाइसेंस नहीं मिला। पुलिस ने 30 लीटर शराब जब्त कर सीलबंद किया।
आरोपिया के खिलाफ धारा 34(2) आबकारी एक्ट के तहत अपराध दर्ज कर 17 सितंबर को दोपहर 1:05 बजे गिरफ्तार किया गया। बाद में उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।



