Follow Us on Our Social Media
ओडिशा
Trending

ओडिशा में मौसम का दोहरा संकट, 21 जिलों में अलर्ट जारी

Follow Us on Our Social Media

भुवनेश्वर। ओडिशा इन दिनों मौसम के दोहरे प्रकोप का सामना कर रहा है। एक ओर भीषण गर्मी और लू ने लोगों का जनजीवन प्रभावित कर दिया है, वहीं दूसरी ओर शाम होते ही कालबैसाखी तूफान, तेज आंधी और बारिश का दौर शुरू हो जाता है।

इस असामान्य मौसम को देखते हुए भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने राज्य के 21 जिलों के लिए अलर्ट जारी किया है।

मौसम विभाग के अनुसार पश्चिमी ओडिशा के कई जिलों में तापमान लगातार बढ़ रहा है। सुंदरगढ़, झारसुगुड़ा, संबलपुर, अनुगुल, ढेंकानाल, बरगढ़, सोनेपुर, बौद्ध, कंधमाल, बलांगीर, कालाहांडी और नुआपड़ा में तापमान 37 डिग्री सेल्सियस से अधिक दर्ज किया गया है। इन क्षेत्रों में हीटवेव की स्थिति को देखते हुए प्रशासन ने विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए हैं।

वहीं, क्योंझर और मयूरभंज जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है, जहां कालबैसाखी तूफान का सबसे अधिक प्रभाव पड़ने की आशंका है। इसके अलावा तटीय और मध्य ओडिशा के अधिकांश जिलों में येलो अलर्ट लागू किया गया है।

मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि कई इलाकों में गरज-चमक, बिजली गिरने और 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। इस कारण पेड़ों और बिजली के खंभों को नुकसान पहुंचने के साथ जनजीवन प्रभावित होने की संभावना है।

प्रशासन ने लोगों से दोपहर के समय अनावश्यक रूप से बाहर न निकलने और शाम के दौरान मौसम खराब होने पर सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील की है। लगातार बदलते मौसम ने राज्य के लोगों की चिंता बढ़ा दी है।

mahipal sao

वर्ष 2025 में कुशाभाऊ ठाकरे पत्रकारिता एवं जनसंचार विश्वविद्यालय से स्नातक की शिक्षा पूर्ण की। इसके पश्चात पत्रकारिता के… More »

Related Articles

Back to top button