स्कूल की छुट्टी बनी चोरों का मौका, 50 हजार के सामान पर किया हाथ साफ

सिंघोड़ा। थाना सिंघोड़ा क्षेत्र के ग्राम परसकोल स्थित शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में अज्ञात चोरों ने सेंधमारी कर कंप्यूटर सेट, छह बैटरियां और दो साउंड बॉक्स पार कर दिए। चोरी गए सामान की अनुमानित कीमत करीब 50 हजार रुपए बताई गई है।
विद्यालय के प्राचार्य कोमल प्रसाद पटेल ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 13 से 15 सितंबर 2026 तक शासकीय अवकाश के चलते स्कूल बंद था। इसी दौरान किसी अज्ञात व्यक्ति या व्यक्तियों ने विद्यालय भवन में प्रवेश कर वहां रखे कंप्यूटर सेट, छह बैटरी तथा दो साउंड बॉक्स चोरी कर लिए।
छुट्टी समाप्त होने के बाद विद्यालय परिसर की जांच करने पर सामान गायब होने की जानकारी सामने आई। इसके बाद प्राचार्य ने 18 सितंबर को थाना सिंघोड़ा पहुंचकर लिखित आवेदन सौंपा और मामले में कार्रवाई की मांग की।
शिकायत के अवलोकन के बाद पुलिस ने प्रथम दृष्टया भारतीय न्याय संहिता की धारा 305(E) और 331(4) के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है। पुलिस अब घटनास्थल से जुड़े साक्ष्यों के आधार पर अज्ञात आरोपियों की पहचान और चोरी गए सामान की बरामदगी में जुटी है।



