लिमगांव के स्कूल में चोरी,सरकारी सामान पर चोरों ने किया हाथ साफ

सरायपाली। ग्राम लिमगांव के हाईस्कूल और मिडिल स्कूल में अज्ञात चोरों ने ताले तोड़कर शासकीय सामग्री पर हाथ साफ कर दिया। वारदात में इलेक्ट्रॉनिक उपकरण, विज्ञान प्रयोगशाला का सामान, राशन, नल और रसोई में इस्तेमाल होने वाले बर्तन समेत करीब 17,730 रुपए की सामग्री चोरी होने की बात सामने आई है।
जानकारी के अनुसार 12 सितंबर को दोपहर करीब 11:30 बजे स्कूल की छुट्टी होने के बाद स्टाफ परिसर में ताला लगाकर चला गया था। इसके बाद 15 सितंबर की सुबह शिक्षक मनीष साहू ने प्रभारी प्राचार्य को फोन कर दोनों विद्यालयों के ताले टूटे होने की सूचना दी। मौके पर पहुंचने के बाद कमरों की जांच की गई तो चोरी का खुलासा हुआ।
हाईस्कूल के कार्यालय से डेल कंपनी के दो कंप्यूटर माउस, वीजीए केबल, दो HDMI केबल और वेब कैमरा गायब मिले। परिसर में लगे आठ नल भी नहीं थे। ऊपरी मंजिल के हॉल से यूनिवर्सल कंपनी का साउंड बॉक्स तथा विज्ञान कक्ष की आलमारी से माइक्रोस्कोप और चार स्ट्रिप लैंप गायब मिले।
मिडिल स्कूल की कक्षा छठवीं में रखा करीब 90 किलो चावल भी चोर ले गए। कार्यालय से पीतल की घंटी गायब मिली। इसके बाद संकुल भवन की जांच में वहां का ताला टूटा हुआ मिला और अंदर रखे स्टील के बर्तन, बाल्टी, मग, धमेला, परात, चम्मच, करछुली, झारा, भगोना, पलटा, ट्रे तथा 10 लीटर क्षमता का कुकर भी नहीं मिला।
स्कूल प्रबंधन ने शाला समिति से चर्चा के बाद 18 सितंबर को थाना सरायपाली में लिखित शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ चोरी की घटना की जांच शुरू कर दी है। वारदात के दौरान स्कूल परिसर में प्रवेश करने वाले व्यक्ति की पहचान और चोरी गए सामान की बरामदगी के लिए कार्रवाई की जा रही है।



