पुराने विवाद में युवक पर ब्लेड से हमला, बीच-बचाव करने आया व्यक्ति भी घायल; आरोपी गिरफ्तार

रायपुर(डब्बू पुरोहित)। डंगनिया क्षेत्र में पुराने विवाद को लेकर एक युवक ने गाली-गलौज करते हुए धारदार ब्लेड से हमला कर दिया। बीच-बचाव करने पहुंचे एक अन्य व्यक्ति को भी आरोपी ने ब्लेड मारकर घायल कर दिया। घटना की सूचना के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
मामले में डीसीपी पश्चिम जोन रॉबिन्सन गुड़िया के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त पश्चिम जोन राहुल देव शर्मा के मार्गदर्शन तथा एसीपी पुरानी बस्ती देवांश सिंह राठौर के नेतृत्व में थाना डी.डी. नगर और एसीसीयू की संयुक्त टीम ने आरोपी की तलाश शुरू की।
पुलिस टीम ने पतासाजी के बाद अमन यादव (25) को गिरफ्तार किया। पूछताछ के दौरान आरोपी की निशानदेही पर घटना में इस्तेमाल धारदार ऑपरेशन ब्लेड बरामद कर जब्त किया गया।
गिरफ्तार आरोपी अमन यादव, पिता गोपाल यादव, निवासी बम्लेश्वरी मंदिर के पीछे, डंगनिया, थाना डी.डी. नगर, रायपुर का रहने वाला है। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।



