Follow Us on Our Social Media
छत्तीसगढ़महासमुंद
Trending

चावल कारोबार में 60 लाख की धोखाधड़ी का आरोप, महासमुंद के राइस मिलर विनय अग्रवाल हिरासत में

Follow Us on Our Social Media

महासमुंद। छत्तीसगढ़ में चावल के कारोबार से जुड़ा 60 लाख रुपये की कथित धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। इस मामले में कुरूद थाना पुलिस ने महासमुंद के राइस मिलर विनय अग्रवाल को हिरासत में लिया है। पुलिस ने रविवार रात महासमुंद में दबिश देकर कार्रवाई की। फिलहाल आरोपी से पूछताछ की जा रही है और पुलिस आर्थिक लेनदेन से जुड़े दस्तावेजों की जांच में जुटी है।

एक करोड़ रुपये में तय हुआ था चावल का सौदा

पुलिस को मिली शिकायत के अनुसार, कुरूद के अमलीडीह स्थित डीएमएच एग्रोटेक राइस मिल की संचालक उर्मिला शर्मा ने महासमुंद स्थित सालासर बालाजी फूड्स के प्रोपराइटर विनय अग्रवाल के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत में बताया गया है कि अप्रैल 2023 में दोनों फर्मों के बीच चावल की खरीदी-बिक्री को लेकर एक करोड़ रुपये का सौदा हुआ था। इसमें से 40 लाख रुपये का भुगतान आरटीजीएस के माध्यम से किया गया, जबकि शेष 60 लाख रुपये के भुगतान को लेकर विवाद सामने आया। आरोप है कि बकाया राशि के संबंध में फर्जी दस्तावेज तैयार कर आर्थिक धोखाधड़ी की गई।

FCI गोदाम में चावल जमा होने के दस्तावेज कथित तौर पर फर्जी

शिकायतकर्ता के मुताबिक, विनय अग्रवाल की ओर से 2320 क्विंटल चावल के संबंध में लॉट नंबर 28969 से 28976 तक का विवरण दिया गया था। दावा किया गया था कि संबंधित चावल भारतीय खाद्य निगम (FCI) के मंदिर हसौद स्थित गोदाम में जमा है। इसके समर्थन में दस्तावेज और इनवॉइस भी प्रस्तुत किए गए थे। बाद में संबंधित कार्यालय से दस्तावेजों का सत्यापन कराया गया, जहां वे कथित तौर पर फर्जी पाए गए। इसके बाद शिकायतकर्ता ने पुलिस से कार्रवाई की मांग की।

धोखाधड़ी और कूटरचना का मामला दर्ज

शिकायत के आधार पर कुरूद पुलिस ने 13 नवंबर 2026 को आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी और फर्जी दस्तावेज तैयार करने से संबंधित धाराओं के तहत अपराध दर्ज किया। इसके बाद पुलिस ने महासमुंद में कार्रवाई करते हुए विनय अग्रवाल को हिरासत में लिया।

बैंक खातों और मूल दस्तावेजों की जांच में जुटी पुलिस

कुरूद थाना प्रभारी कमलेश ठाकुर के अनुसार, आरोपी से पूरे मामले को लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस दोनों फर्मों के बैंक खातों, आपसी लेनदेन, बिलों और चावल के भंडारण से संबंधित मूल दस्तावेजों की जांच कर रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

फिलहाल मामले में लगाए गए आरोपों की पुलिस जांच जारी है।

mahipal sao

कुशाभाऊ ठाकरे पत्रकारिता एवं जनसंचार विश्वविद्यालय से स्नातक की शिक्षा पूर्ण की। इसके पश्चात पत्रकारिता के क्षेत्र में करियर… More »

Related Articles

Back to top button