Follow Us on Our Social Media
अपराध / हादसामहासमुंद

बसना में तेज रफ्तार बाइक का कहर, अक्षय सिदार गंभीर रूप से घायल

Follow Us on Our Social Media

बसना। पलसापाली बेरियर के पास पदमपुर रोड पर तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने के कारण सड़क हादसा हो गया। विपरीत दिशा से आ रही मोटरसाइकिल ने मंडी में रात्रि ड्यूटी के लिए जा रहे दो भाइयों की बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में दोनों युवक घायल हो गए, जबकि एक की हालत गंभीर बताई जा रही है। गंभीर रूप से घायल युवक का रायपुर के निजी अस्पताल में उपचार जारी है।

मिली जानकारी के अनुसार, घटना 20 नवंबर 2026 की शाम करीब 6 बजे की है। ग्राम निवासी अक्षय सिदार अपने भाई मोहन सिदार के साथ मोटरसाइकिल क्रमांक CG13 R 4117 से चिमरकेल मंडी में रात्रि ड्यूटी करने जा रहे थे। इसी दौरान पलसापाली बेरियर के पास पदमपुर रोड पर सामने से आ रही मोटरसाइकिल क्रमांक CG06 GR 2252 के चालक छोटू साव ने तेज एवं लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाते हुए उनकी बाइक को टक्कर मार दी।

टक्कर इतनी जोरदार थी कि अक्षय सिदार और मोहन सिदार सड़क पर गिर पड़े और उन्हें चोटें आईं। हादसे के बाद दूसरी बाइक का चालक अपना वाहन मौके पर छोड़कर फरार हो गया।

घटना के बाद घायलों को 108 एंबुलेंस की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बसना पहुंचाया गया। यहां मोहन सिदार को सामान्य चोटें आने पर उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई, जबकि अक्षय सिदार के दाहिने पैर, कमर के दाहिने हिस्से और दाहिने हाथ में गंभीर चोटें आईं। प्राथमिक उपचार के बाद उसे रेफर कर दिया गया।

इसके बाद परिजन ओमप्रकाश सिदार के साथ अक्षय को रायपुर ले गए, जहां अग्रवाल अस्पताल में भर्ती कराकर उसका उपचार कराया जा रहा है। घटना की जानकारी मोहन सिदार से मिलने के बाद घायल के पिता ने पुलिस में रिपोर्ट दर्ज कराते हुए मोटरसाइकिल चालक के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

mahipal sao

कुशाभाऊ ठाकरे पत्रकारिता एवं जनसंचार विश्वविद्यालय से स्नातक की शिक्षा पूर्ण की। इसके पश्चात पत्रकारिता के क्षेत्र में करियर… More »

Related Articles

Back to top button