कुरचुंडी में मछुआरों को वितरित किए गए जाल-धागे और उपकरण, प्रकाश सिन्हा बोले– आजीविका मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल

बसना। विकासखंड बसना के ग्राम पंचायत कुरचुंडी में मत्स्य पालन विभाग, जिला महासमुंद द्वारा आयोजित 10 दिवसीय विभागीय मछुआ प्रशिक्षण कार्यक्रम में जनपद पंचायत बसना के सभापति एवं क्षेत्र क्रमांक 21 अंकोरी के जनपद सदस्य प्रकाश सिन्हा शामिल हुए।
इस दौरान उन्होंने पात्र मछुआरों एवं मछुआ सहकारी समिति के सदस्यों को मत्स्याखेट के लिए जाल, धागा सहित अन्य आवश्यक उपकरण वितरित किए।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य मछुआरों को मत्स्याखेट एवं मत्स्य पालन के लिए जरूरी संसाधन उपलब्ध कराकर उनकी आजीविका को सशक्त बनाना और उन्हें आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाना है।
विभाग की इस पहल से स्थानीय मछुआरों को अपने पारंपरिक व्यवसाय को आगे बढ़ाने में सहायता मिलेगी। साथ ही ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार एवं स्वरोजगार के नए अवसर विकसित होंगे और स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी।
इस अवसर पर जनपद सभापति प्रकाश सिन्हा ने कहा कि मछुआरों को आवश्यक उपकरण उपलब्ध कराना उनकी आजीविका को बेहतर बनाने की दिशा में सराहनीय पहल है। जाल, धागा एवं अन्य संसाधन मिलने से पात्र हितग्राहियों को मछली पकड़ने के कार्य में सुविधा होगी। इससे उनके कार्य को बढ़ावा मिलने के साथ ही आय में वृद्धि की संभावनाएं भी बढ़ेंगी। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में पारंपरिक व्यवसायों को प्रोत्साहित कर लोगों को आर्थिक रूप से मजबूत बनाना जरूरी है।
10 दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम के माध्यम से मछुआरों को मत्स्य पालन से जुड़ी आवश्यक जानकारियां एवं उपयोगी तकनीकों से परिचित कराया जा रहा है, ताकि वे बेहतर तरीके से अपने व्यवसाय का संचालन कर सकें और आत्मनिर्भर बन सकें।
कार्यक्रम में ग्राम पंचायत कुरचुंडी के सरपंच तोष कुमार, मत्स्य निरीक्षक विवेक ठाकुर एवं ग्राम प्रमुख दिलीप साव सहित मछुआ सहकारी समिति के सदस्य और बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।



