बसना के गौरी लॉज में अंतरराज्यीय गांजा तस्करी का खुलासा, MP-ओडिशा के 4 आरोपी गिरफ्तार; 25 किलो गांजे की डील से पहले पुलिस की दबिश

महासमुंद/बसना। बसना थाना क्षेत्र में पुलिस ने अंतरराज्यीय गांजा तस्करी के नेटवर्क का खुलासा किया है। बसना स्थित गौरी लॉज में मध्यप्रदेश और ओडिशा के संदिग्धों के एकत्र होने की सूचना पर पुलिस ने दबिश दी। मौके से चार आरोपियों को पकड़ा गया। पूछताछ और मोबाइल फोन में मिले डिजिटल लेन-देन के साक्ष्यों के आधार पर करीब 25 किलोग्राम गांजे की खरीद-बिक्री की तैयारी और अंतरराज्यीय तस्करी के षड्यंत्र का खुलासा होने का दावा पुलिस ने किया है।
पुलिस के मुताबिक, 19 नवंबर 2026 को थाना प्रभारी निरीक्षक शरद दुबे को मुखबिर से सूचना मिली थी कि गौरी लॉज में मध्यप्रदेश और ओडिशा के कुछ लोग गांजा तस्करी एवं खरीद-बिक्री की योजना बनाने के लिए एकत्र हुए हैं। सूचना की तस्दीक के बाद स्वतंत्र गवाहों की मौजूदगी में पुलिस टीम ने लॉज में दबिश दी।
मध्यप्रदेश और ओडिशा के चार संदिग्ध मिले
पुलिस कार्रवाई के दौरान मौके पर हेमराज मीणा (45 वर्ष), निवासी जिला गुना मध्यप्रदेश, मंगल सिंह मीणा (35 वर्ष), निवासी कुंभराज जिला गुना मध्यप्रदेश, लिंगराज गुरु (21 वर्ष) और उदीप्त प्रधान (25 वर्ष), दोनों निवासी जिला बरगढ़ ओडिशा मिले। इनके पास एक हीरो पैशन प्रो मोटरसाइकिल क्रमांक CG06GB9277 भी मौजूद थी।
पुलिस के अनुसार, चारों से पूछताछ करने पर उनके जवाबों में विरोधाभास सामने आया। इसके बाद पुलिस ने उनके मोबाइल फोन का अवलोकन किया, जिसमें कथित तौर पर गांजा तस्करी से जुड़े संपर्क और वित्तीय लेन-देन की जानकारी मिली।
15 किलो गांजे की पहले हो चुकी थी सप्लाई
पुलिस की जांच में सामने आया कि गिरोह द्वारा करीब 15 दिन पहले भी 15 किलोग्राम गांजे की सप्लाई की गई थी। इस खेप के बदले 3 और 4 नवंबर 2026 को मंगल सिंह मीणा के फोन-पे के माध्यम से 70 हजार रुपये का भुगतान किए जाने का डिजिटल रिकॉर्ड मिला है। पुलिस के मुताबिक, इस गांजे को गुना (मध्यप्रदेश) में फुटकर बिक्री के लिए पहुंचाया गया था।
25 किलो गांजे की नई खेप की थी तैयारी
पुलिस के अनुसार, इस बार गिरोह करीब 25 किलोग्राम गांजे की खेप लेने की तैयारी में था। ओडिशा के बरगढ़ जिले के निवासी सुरेश नायक को मुख्य सप्लायर बताया गया है। आरोप है कि सुरेश नायक के सहयोगी लिंगराज गुरु और उदीप्त प्रधान मोटरसाइकिल के जरिए गांजा बसना तक पहुंचाते थे। वहीं मध्यप्रदेश के हेमराज मीणा और मंगल सिंह मीणा अपने सहयोगियों राहुल मीणा और राकेश मीणा के माध्यम से इसकी खरीद-बिक्री करते थे।
बताया गया कि 25 किलो गांजे की खेप के भुगतान के लिए बैंक खाते में रकम ट्रांसफर की जानी थी, लेकिन समय पर भुगतान नहीं हो पाने के कारण गांजे की सुपुर्दगी नहीं हो सकी। इसी दौरान पुलिस ने दबिश देकर तस्करी की कथित योजना का खुलासा किया।
चार मोबाइल और मोटरसाइकिल जब्त
पुलिस ने कार्रवाई के दौरान आरोपियों के कब्जे से चार मोबाइल फोन जब्त किए हैं। इनमें एक ओप्पो, एक वीवो और एक एमआई मोबाइल शामिल हैं। इसके अलावा लिंगराज गुरु और उदीप्त प्रधान के संयुक्त आधिपत्य से हीरो पैशन प्रो मोटरसाइकिल क्रमांक CG06GB9277 भी जब्त की गई है। पूरी कार्रवाई की वीडियोग्राफी ई-साक्ष्य के माध्यम से कराई गई।
पांच लोगों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला
पुलिस ने हेमराज मीणा, मंगल सिंह मीणा, लिंगराज गुरु, उदीप्त प्रधान और कथित मुख्य सप्लायर सुरेश नायक के विरुद्ध धारा 29(1), 30 एनडीपीएस एक्ट तथा धारा 61(2) भारतीय न्याय संहिता (BNS) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया है।
पुलिस के अनुसार, आरोपियों के बीच संपर्क, डिजिटल भुगतान और अन्य परिस्थितिजन्य साक्ष्यों के आधार पर अंतरराज्यीय गांजा तस्करी के नेटवर्क की जांच की जा रही है। मामले में अन्य सहयोगियों और तस्करी से जुड़े वित्तीय लेन-देन की भी पड़ताल की जा रही है।



