Follow Us on Our Social Media
छत्तीसगढ़महासमुंद
Trending

चक्रवात अकवान का खतरा, कलेक्टर विनय लंगेह ने कहा- धान भीगा तो जिम्मेदारों पर होगी कार्रवाई

Follow Us on Our Social Media

महासमुंद। चक्रवात ‘अकवान’ के प्रभाव से संभावित बारिश और तेज हवाओं को देखते हुए महासमुंद कलेक्टर विनय लंगेह ने जिले के सभी धान उपार्जन केंद्रों में धान की सुरक्षा के लिए पुख्ता इंतजाम करने के निर्देश दिए हैं।

उन्होंने स्पष्ट कहा है कि बारिश, तेज हवा, जमीन की नमी और जलभराव से खरीदे गए धान को सुरक्षित रखना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसमें किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

कलेक्टर ने सभी धान खरीदी केंद्रों में पर्याप्त मात्रा में कैप कवर, पन्नी और तिरपाल उपलब्ध रखने के निर्देश दिए हैं। खुले में रखे धान के स्टैक को मजबूत रस्सियों से अच्छी तरह बांधने को कहा गया है, ताकि तेज हवाओं के दौरान तिरपाल और कैप कवर उड़ने से धान भीगने की नौबत न आए।

इसके साथ ही धान को जमीन की नमी और पानी से बचाने के लिए पर्याप्त डनेज (Dunnage) की व्यवस्था करने तथा खरीदी केंद्रों के चारों ओर जल निकासी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। कलेक्टर ने केंद्र प्रभारियों को नालियों की सफाई कराने और फड़ों में पानी जमा नहीं होने देने की हिदायत दी है।

20 से 22 नवंबर तक केंद्रों में रहेंगे कर्मचारी

कलेक्टर विनय लंगेह ने सभी केंद्र प्रभारियों और समिति कर्मचारियों को 20 से 22 नवंबर तक अपने मुख्यालय में अनिवार्य रूप से उपस्थित रहने के निर्देश दिए हैं। इस दौरान मौसम की लगातार निगरानी करने और किसी भी आपात स्थिति में तत्काल कार्रवाई करने को कहा गया है।

199 केंद्रों में 19,188 क्विंटल धान की खरीदी

जिले में धान खरीदी का काम तेजी से जारी है। प्रशासन से प्राप्त जानकारी के अनुसार, 19 नवंबर तक जिले के कुल 202 धान उपार्जन केंद्रों में से 199 केंद्रों में खरीदी शुरू हो चुकी है। इन केंद्रों के माध्यम से अब तक 19,188 क्विंटल धान की खरीदी की जा चुकी है। खरीदे गए धान के सुरक्षित भंडारण को लेकर प्रशासन विशेष सतर्कता बरत रहा है।

अवैध धान पर भी प्रशासन की सख्ती, 3,461 क्विंटल जब्त

समर्थन मूल्य पर धान खरीदी व्यवस्था को पारदर्शी बनाए रखने के लिए जिला प्रशासन अवैध धान भंडारण और परिवहन के खिलाफ भी लगातार कार्रवाई कर रहा है। इस कार्रवाई में महासमुंद जिला पूरे प्रदेश में तीसरे स्थान पर है। अब तक जिले में 3,461 क्विंटल अवैध धान जब्त किया जा चुका है।

प्रशासन ने चक्रवात ‘अकवान’ के संभावित प्रभाव को देखते हुए सभी खरीदी केंद्रों को अलर्ट पर रखा है। प्रशासन का स्पष्ट निर्देश है कि मौसम की प्रतिकूल परिस्थितियों के बावजूद किसानों से खरीदे गए धान को किसी भी स्थिति में नुकसान नहीं होना चाहिए।

mahipal sao

कुशाभाऊ ठाकरे पत्रकारिता एवं जनसंचार विश्वविद्यालय से स्नातक की शिक्षा पूर्ण की। इसके पश्चात पत्रकारिता के क्षेत्र में करियर… More »

Related Articles

Back to top button