Follow Us on Our Social Media
छत्तीसगढ़महासमुंद
Trending

चक्रवात ‘अकवान’ का छत्तीसगढ़ में असर: देवउठनी पर्व पर झमाझम बारिश के आसार, 9 जिलों में भारी वर्षा का अलर्ट

धान खरीदी के बीच बारिश की मार! छत्तीसगढ़ में 5 दिन तक मौसम खराब रहने के आसार

Follow Us on Our Social Media

रायपुर। छत्तीसगढ़ में चक्रवाती तूफान ‘अकवान’ का असर दिखना शुरू हो गया है। देवउठनी पर्व के दौरान प्रदेश के कई जिलों में झमाझम बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग ने 20 और 21 नवंबर को प्रदेश के दक्षिण, उत्तर और मध्य क्षेत्रों में बारिश की गतिविधियां तेज होने का अनुमान जताया है। वहीं, नौ जिलों में भारी वर्षा की चेतावनी जारी की गई है।

राजधानी रायपुर में गुरुवार सुबह से ही ठंडी हवाएं चल रही थीं। रात में रुक-रुककर बारिश हुई, जबकि शुक्रवार सुबह से बूंदाबांदी का दौर जारी है। बारिश और ठंडी हवाओं के कारण राजधानी सहित प्रदेश के कई इलाकों में मौसम का मिजाज बदल गया है। मौसम विभाग के अनुसार, चक्रवात का प्रभाव अगले पांच दिनों तक बने रहने की संभावना है।

इन 9 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट

मौसम विभाग ने जशपुर, बलरामपुर, रायगढ़, सारंगढ़-बिलाईगढ़, बलौदाबाजार, गरियाबंद, महासमुंद, बस्तर और कोंडागांव जिले के अलग-अलग स्थानों पर भारी बारिश की संभावना जताई है। इसके अलावा प्रदेश के अन्य हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।

बारिश के साथ कई स्थानों पर गरज-चमक और आकाशीय बिजली गिरने की आशंका है। मौसम विभाग ने 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की चेतावनी भी दी है। 22 से 25 नवंबर के बीच भी प्रदेश के कुछ स्थानों पर बारिश होने की संभावना बनी हुई है।

90 से 100 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से टकरा सकता है चक्रवात

मौसम विभाग के अनुसार, पश्चिम-मध्य बंगाल की खाड़ी में बना चक्रवाती तूफान पिछले छह घंटों के दौरान 13 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से उत्तर दिशा की ओर बढ़ा है। 19 नवंबर को दोपहर 2:30 बजे यह 15.6 डिग्री उत्तरी अक्षांश और 85.2 डिग्री पूर्वी देशांतर के पास केंद्रित था।

इसके 20 नवंबर की दोपहर तक गोपालपुर के निकट उत्तर आंध्र प्रदेश, यनम और दक्षिण ओडिशा के तटों को पार करने की संभावना जताई गई है। इस दौरान हवा की रफ्तार 90 से 100 किलोमीटर प्रति घंटे और झोंकों की गति 110 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। इसके प्रभाव से छत्तीसगढ़ में नमी बढ़ने के साथ बारिश की गतिविधियां तेज होने की संभावना है।

धान खरीदी के बीच किसानों की बढ़ी चिंता

प्रदेश में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी शुरू हो चुकी है। ऐसे में बेमौसम बारिश की आशंका ने किसानों और धान उपार्जन केंद्रों की चिंता बढ़ा दी है। इससे पहले अर्नब और मुरासु चक्रवात के प्रभाव से हुई बारिश के कारण कई किसानों की धान फसल और उपज प्रभावित हुई थी। अब एक बार फिर बारिश होने से खुले में रखे धान को सुरक्षित रखने, उपार्जन केंद्रों में व्यवस्था बनाए रखने और खरीदी प्रक्रिया सुचारु रूप से संचालित करने की चुनौती सामने आ सकती है।

मौसम के बदले मिजाज को देखते हुए किसानों को सलाह दी जा रही है कि वे अपनी कटी हुई फसल और उपार्जन केंद्रों में रखे धान को बारिश से बचाने के लिए जरूरी इंतजाम करें।

mahipal sao

कुशाभाऊ ठाकरे पत्रकारिता एवं जनसंचार विश्वविद्यालय से स्नातक की शिक्षा पूर्ण की। इसके पश्चात पत्रकारिता के क्षेत्र में करियर… More »

Related Articles

Back to top button