गांवों के विकास और महिला सशक्तिकरण पर सरकार का फोकस, CM साय ने 1.97 करोड़ के विकास कार्यों की दी सौगात

जशपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने रविवार को जशपुर जिले के फरसाबहार विकासखंड अंतर्गत ग्राम पमशाला में 1 करोड़ 97 लाख 56 हजार रुपये की लागत के विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन किया। इन कार्यों में महतारी सदन, सामुदायिक भवन, सड़क और पुलिया निर्माण शामिल हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि गांवों का विकास ही प्रदेश की समृद्धि का आधार है और सरकार ग्रामीण क्षेत्रों के विकास के साथ महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए लगातार काम कर रही है।
मुख्यमंत्री ने ग्राम गंझियाडीह, उपरकछार, सिकिरमा और अंबाकछार में 30-30 लाख रुपये की लागत से बनने वाले चार महतारी सदनों का भूमिपूजन किया। कुल 1 करोड़ 20 लाख रुपये की लागत से बनने वाले ये भवन ग्रामीण महिलाओं के लिए सामाजिक, सांस्कृतिक और रचनात्मक गतिविधियों के केंद्र बनेंगे। यहां महिलाएं आपसी संवाद, सामूहिक गतिविधियों और स्वरोजगार से जुड़ी पहल को आगे बढ़ा सकेंगी।
इसी तरह ग्राम तुबा, सिकिरमा, धौरासांड और मेंडरबहार में 13 लाख 27 हजार रुपये प्रति भवन की लागत से बनने वाले चार सामुदायिक भवनों का भी भूमिपूजन किया गया। इन भवनों से ग्रामीणों को सामाजिक एवं सार्वजनिक आयोजनों के लिए बेहतर सुविधाएं मिलेंगी।
मुख्यमंत्री ने ग्राम पमशाला के बेराटोली में भजनो घर के पास 10 लाख रुपये की लागत से बनने वाली पुलिया का भूमिपूजन किया। वहीं, मुख्य मार्ग से मंदिर तक 14 लाख 48 हजार रुपये की लागत से निर्मित सीसी सड़क का लोकार्पण किया। इन निर्माण कार्यों से ग्रामीणों को आवागमन में सुविधा मिलेगी।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि सरकार की प्राथमिकता गांवों में सड़क, बिजली, पानी सहित बुनियादी सुविधाओं का विस्तार करना और विकास का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है। ग्रामीण क्षेत्रों की जरूरतों के अनुसार विकास कार्यों को प्राथमिकता दी जा रही है।
उन्होंने कहा कि महिलाओं का सशक्तिकरण सरकार की प्रमुख प्राथमिकताओं में शामिल है। महतारी वंदन योजना के माध्यम से महिलाओं को आर्थिक संबल दिया जा रहा है, वहीं महतारी सदनों के जरिए उन्हें सामाजिक गतिविधियों, प्रतिभा विकास और स्वरोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने का प्रयास किया जा रहा है। ये भवन गांव की माताओं और बहनों के लिए आत्मनिर्भरता की दिशा में महत्वपूर्ण केंद्र साबित होंगे।
कार्यक्रम में पूर्व राज्यसभा सांसद रणविजय सिंह जूदेव, जिला पंचायत अध्यक्ष सालिक साय, पूर्व विधायक भरत साय, नगर पालिका जशपुर के उपाध्यक्ष यश प्रताप सिंह जूदेव, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह, जिला पंचायत सीईओ अभिषेक कुमार सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।



