Follow Us on Our Social Media
अपराध / हादसामहासमुंद
Trending

सरईटाल जंगल में चल रहा था लाखों का जुआ! पुलिस ने 9 जुआरियों को रंगे हाथों पकड़ा, 1.51 लाख का सामान जब्त

Follow Us on Our Social Media

पिथौरा। महासमुंद जिले के पिथौरा थाना क्षेत्र में जुआ खेलने वालों के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। ग्राम सरईटाल के जंगल में 52 पत्ती ताश से रुपये-पैसों का दांव लगाकर जुआ खेल रहे 9 लोगों को पुलिस ने रंगे हाथों पकड़ा। मौके से नकदी, मोबाइल और चार मोटरसाइकिल सहित कुल 1 लाख 51 हजार 900 रुपये का मशरूका जब्त किया गया है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 24 नवंबर 2026 को पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम सरईटाल जंगल में कुछ लोग इकट्ठा होकर 52 पत्ती ताश के जरिए काट-पत्ती नामक जुआ खेल रहे हैं। सूचना पर प्रशिक्षु उपनिरीक्षक कुलदीप जायसवाल पुलिस टीम और गवाहों के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घेराबंदी कर जुआ खेल रहे 9 लोगों को पकड़ लिया।

पकड़े गए आरोपियों में महेन्द्र साहू निवासी रानीसागर पारा पिथौरा, सागर यादव निवासी मेमरा तथा कोमल पटेल, राजकुमार पटेल, विश्राम निषाद, हरकेश रवि, मनीष ध्रुव, कमल नारायण पटेल और गंगाराम यादव निवासी लहरौद शामिल हैं।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 52 पत्ती ताश का एक सेट, 6,900 रुपये नकद, 9 मोबाइल फोन कीमत करीब 45 हजार रुपये और 4 पुरानी मोटरसाइकिल कीमत करीब 1 लाख रुपये जब्त की हैं। जब्त संपत्ति की कुल कीमत लगभग 1,51,900 रुपये बताई गई है।

पुलिस के अनुसार, सभी आरोपी एकजुट होकर रुपये-पैसों का दांव लगाकर जुआ खेल रहे थे। इस मामले में आरोपियों के विरुद्ध छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम 2022 की धारा 3(2) एवं भारतीय न्याय संहिता की धारा 112 के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया है। पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में अवैध जुआ गतिविधियों में शामिल लोगों के बीच हड़कंप मच गया है।

mahipal sao

कुशाभाऊ ठाकरे पत्रकारिता एवं जनसंचार विश्वविद्यालय से स्नातक की शिक्षा पूर्ण की। इसके पश्चात पत्रकारिता के क्षेत्र में करियर… More »

Related Articles

Back to top button