बरबसपुर में अटल डिजिटल भवन निर्माण को लेकर विवाद, चार लोगों पर गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देने का आरोप

बसना । ग्राम बरबसपुर में अटल डिजिटल भवन निर्माण को लेकर विवाद सामने आया है। शासकीय भूमि से कथित अतिक्रमण हटाने की बात पर चार लोगों द्वारा ग्रामीणों के साथ गाली-गलौज करने और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया गया है। मामले में पीड़ित ने पुलिस से शिकायत कर कार्रवाई की मांग की है।
शिकायत के अनुसार, 21 नवंबर 2026 को सुबह करीब 11 बजे ग्राम पंचायत की ओर से अटल डिजिटल भवन निर्माण के संबंध में मौके पर बैठक रखी गई थी। इस दौरान गांव के पंच, सरपंच एवं ग्रामीण मौजूद थे। जिस स्थान पर अटल डिजिटल भवन का निर्माण किया जा रहा है, वहां शासकीय भूमि पर गांव के प्यारे लाल साहू द्वारा अतिक्रमण किए जाने की बात सामने आई। ग्रामीणों ने उक्त भूमि को खाली करने की बात कही।
आरोप है कि इस बात से नाराज होकर कुसुम साहू, प्यारे लाल साहू, एका साहू और कैलाश साहू ने एकराय होकर ग्रामीणों के साथ अश्लील गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी दी। घटना के दौरान लखन पटेल, दैतकुमार साहू, सागरचंद साहू, माधव भोई, वैजयंती साहू और अहिल्या प्रधान सहित अन्य लोग मौजूद थे, जिन्होंने घटना को देखना और सुनना बताया है।
पीड़ित ने शिकायत में कहा है कि आरोपियों की गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी से ग्रामीण भयभीत हैं। उन्होंने पुलिस से मामले की जांच कर संबंधित लोगों के खिलाफ उचित कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।



