Follow Us on Our Social Media
धमतरी
Trending

धमतरी में धान खरीदी ने पकड़ी रफ्तार, अब तक 18,971 मीट्रिक टन धान की खरीदी

Follow Us on Our Social Media

धमतरी। खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के तहत धमतरी जिले में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी ने रफ्तार पकड़ ली है। जिले के विभिन्न उपार्जन केंद्रों में किसानों से तेजी से धान की खरीदी की जा रही है।

अब तक 5,475 पंजीकृत किसानों से कुल 18,971.08 मीट्रिक टन धान का उपार्जन किया जा चुका है। वहीं, 25 नवंबर को धान बिक्री के लिए 1,744 किसानों को टोकन जारी किए गए हैं, जिनके माध्यम से 6,609.36 मीट्रिक टन धान की आवक प्रस्तावित है।

जिला प्रशासन द्वारा खरीदी प्रक्रिया को सुचारू और पारदर्शी बनाए रखने के लिए सभी उपार्जन केंद्रों में बारदाने की उपलब्धता, धान की तौल और गुणवत्ता परीक्षण की लगातार निगरानी की जा रही है। किसानों को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं।

ऑनलाइन टोकन से किसानों को घर बैठे सुविधा

धान खरीदी की ऑनलाइन टोकन व्यवस्था किसानों के लिए काफी सुविधाजनक साबित हो रही है। ग्राम खरतुली के किसान इलोक राम साहू इसकी मिसाल हैं। उन्होंने पिछले वर्ष धान बिक्री से मिली आमदनी से पांच डिसमिल जमीन खरीदी थी। अब उनका सपना उस जमीन पर पक्का मकान बनाने का है।

सेवा सहकारी समिति लोहरसी के अंतर्गत पंजीकृत किसान इलोक राम साहू ने इस वर्ष घर बैठे ऑनलाइन टोकन कटवाकर अब तक 20 क्विंटल धान बेच दिया है।

वहीं, 22 क्विंटल धान बेचने के लिए उन्हें दूसरा टोकन भी मिल चुका है। किसान का कहना है कि ऑनलाइन टोकन व्यवस्था से समिति के बार-बार चक्कर लगाने की परेशानी खत्म हुई है। इसके अलावा खरीदी केंद्रों में माइक्रो एटीएम, पेयजल और बारदाने जैसी सुविधाओं से भी किसानों को राहत मिल रही है।

अवैध धान पर प्रशासन का शिकंजा, छह चेकपोस्ट पर निगरानी

समर्थन मूल्य पर धान खरीदी के बीच बाहरी राज्यों से अवैध धान की आवक, भंडारण और धान की री-साइक्लिंग रोकने के लिए जिला प्रशासन ने भी सख्ती बढ़ा दी है। जिले में अब तक अवैध धान के 32 प्रकरण दर्ज किए गए हैं, जिनमें कुल 1,441.05 क्विंटल धान जब्त किया गया है।

संयुक्त उड़नदस्ता दल द्वारा संदिग्ध ठिकानों पर लगातार जांच और मंडी अधिनियम 1972 के तहत कार्रवाई की जा रही है। वहीं, ओडिशा सीमा से लगे बोराई (घुटकेल), बांसपानी, बनरौद, सांकरा, जैतपुरी और मोहेरा में छह चेकपोस्ट स्थापित किए गए हैं। यहां से गुजरने वाले वाहनों की सघन जांच की जा रही है।

प्रशासन का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि समर्थन मूल्य पर धान खरीदी योजना का लाभ केवल वास्तविक और पंजीकृत किसानों को मिले तथा अवैध धान खपाने वालों पर प्रभावी कार्रवाई हो। जिले में खरीदी व्यवस्था की निगरानी और अवैध धान के खिलाफ अभियान लगातार जारी है।

Related Articles

Back to top button