Follow Us on Our Social Media
अपराध / हादसाछत्तीसगढ़

126 क्विंटल DAP खाद की अवैध खेप जब्त, गरियाबंद पुलिस ने ₹8.78 लाख की संपत्ति पकड़ी

Follow Us on Our Social Media

गरियाबंद: खरीफ सीजन के बीच किसानों के लिए आवश्यक उर्वरकों की संभावित कालाबाजारी पर बड़ी कार्रवाई करते हुए गरियाबंद पुलिस ने 126 क्विंटल DAP खाद से लदे एक मेंटाडोर वाहन को जब्त किया है। पुलिस ने इस कार्रवाई में खाद और वाहन समेत कुल ₹8.78 लाख की संपत्ति अपने कब्जे में ली है। मामले की जांच अब कृषि विभाग के साथ मिलकर की जा रही है।

पुलिस के अनुसार, थाना देवभोग को सूचना मिली थी कि ग्राम तेतलखुटी क्षेत्र में एक मेंटाडोर वाहन के जरिए बड़ी मात्रा में DAP खाद का बिना वैध दस्तावेजों के परिवहन किया जा रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने घेराबंदी कर वाहन क्रमांक CG 07 CK 3719 को रोककर तलाशी ली।

जांच में वाहन से 280 बोरी DAP खाद बरामद हुई। प्रत्येक बोरी में लगभग 45 किलोग्राम खाद थी, जिससे कुल बरामदगी 12,600 किलोग्राम (126 क्विंटल) निकली। जब चालक युधिष्ठिर दनता (42) से परिवहन संबंधी दस्तावेज मांगे गए तो वह कोई संतोषजनक अभिलेख प्रस्तुत नहीं कर सका।

पुलिस ने प्रथम दृष्टया अवैध परिवहन मानते हुए करीब ₹3.78 लाख मूल्य की DAP खाद और ₹5 लाख कीमत के मेंटाडोर वाहन को जब्त कर लिया। मामले की सूचना कृषि विभाग को भेज दी गई है, जो अब खाद के स्रोत, गंतव्य और पूरे नेटवर्क की जांच करेगा।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि यदि जांच में कालाबाजारी या अवैध आपूर्ति श्रृंखला के अन्य लोग शामिल पाए जाते हैं तो उनके खिलाफ भी सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।गरियाबंद पुलिस ने किसानों से अपील की है कि खाद, बीज या अन्य कृषि सामग्री के अवैध भंडारण, कालाबाजारी अथवा अवैध परिवहन की जानकारी मिलने पर तुरंत पुलिस या संबंधित विभाग को सूचित करें। सूचना देने वाले की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।

Related Articles

Back to top button