रात में ताला तोड़कर घर में घुसे चोर, जेवर-नकदी समेत 19 हजार का माल पार

तुमगांव। ग्राम भोरिंग में अज्ञात चोरों ने एक मकान का ताला तोड़कर चांदी के जेवर और नकदी समेत करीब 19 हजार रुपये का सामान पार कर दिया। घटना की शिकायत पर तुमगांव पुलिस ने धारा 331(4), 305(A) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, भोरिंग निवासी छोटूराम साहू (31) का पुराना मकान मंडी के सामने है, जहां उसकी मां और भाभी रहती हैं। वहीं नया घर पंचायत भवन के पास है। 14 सितंबर को तीजा पर्व के चलते पत्नी मायके गई थी। छोटूराम रात में नए मकान में ताला लगाकर पुराने घर में खाना खाने के बाद वहीं सो गया।
अगली सुबह करीब 9 बजे वह नए घर में नहाने के लिए पहुंचा तो मुख्य दरवाजे का ताला टूटा मिला। अंदर कमरे की अलमारी खुली थी। जांच करने पर दो चांदी के हाफ करधन, दो बिछिया, बच्चे का करधन, एक पायल, चांदी का सिक्का और गुल्लक व पर्स में रखी नकदी गायब मिली।
शिकायत के मुताबिक चोरी गया सामान और रकम मिलाकर कुल कीमत करीब 19,000 रुपये है। वारदात रात 12 बजे से सुबह 5 बजे के बीच होने की आशंका जताई गई है। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।



